BSF भर्ती में बड़ा बवाल: अभ्यर्थियों को बुलाकर कहा— “कोई वैकेंसी नहीं”, युवाओं में आक्रोश.सीधी.

मंगल भारत।सीधी/रामपुर नैकिन क्षेत्र सहित विभिन्न जिलों से आए युवाओं के साथ सीमा सुरक्षा बल (BSF) की भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्होंने सितंबर माह में ऑनलाइन फॉर्म भरकर भर्ती की तैयारी शुरू की थी। इसके बाद उन्हें एडमिट कार्ड जारी हुआ और फिजिकल टेस्ट के लिए निर्धारित केंद्र पर बुलाया गया।
पीड़ित अभ्यर्थियों के अनुसार, रिपोर्टिंग समय सुबह 6 बजे था, लेकिन वे लोग रात 12 बजे ही केंद्र पर पहुंच गए थे ताकि समय पर प्रक्रिया में शामिल हो सकें। लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने अचानक यह कहकर उन्हें रोक दिया कि “यहां कोई वैकेंसी नहीं है”।

अभ्यर्थियों का यह भी कहना है कि उनसे पहले कुछ राज्यों—राजस्थान और महाराष्ट्र के उम्मीदवारों को अंदर प्रवेश दिया गया, लेकिन बाद में उन्हें भी बाहर कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में किसी प्रकार की स्पष्ट जानकारी या आधिकारिक कारण अभ्यर्थियों को नहीं बताया गया, जिससे युवाओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
दूर-दराज से पहुंचे कई अभ्यर्थियों ने आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलने की बात कही। उनका कहना है कि महीनों की मेहनत और खर्च के बाद इस तरह अचानक भर्ती निरस्त करना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
बड़ा सवाल:
जब एडमिट कार्ड जारी हो चुके थे, तो अचानक वैकेंसी खत्म कैसे हो गई?
अभ्यर्थियों को पहले सूचना क्यों नहीं दी गई?
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता कहां है?
मांग:
अभ्यर्थियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, साथ ही भर्ती प्रक्रिया को पुनः पारदर्शी तरीके से आयोजित करने की अपील की है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर मामले पर क्या रुख अपनाता है और युवाओं को न्याय कब तक मिल पाता है।