हकीकत मे शून्य स्कूल में 3.5 लाख के आहरण पर उठे सवाल.सीधी.

हकीकत मे शून्य स्कूल में 3.5 लाख के आहरण पर उठे सवाल.

मंगल भारत:सीधी:रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत बडखरा शासकीय माध्यमिक विद्यालय में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान ₹3,51,961 की राशि आहरित किए जाने के बाद अब उसके उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि कागजों में खर्च दिखाकर बड़ी रकम निकाल ली गई, जबकि विद्यालय की जमीनी स्थिति बेहद खराब बनी हुई है
जानकारी के अनुसार विद्यालय में संचालित वोकेशनल कोर्स (आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक हार्डवेयर) के तहत गेस्ट लेक्चरर के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि हकीकत में महज 2 से 3 दिन ही कक्षाएं संचालित हुईं। इससे फर्जी बिलों के जरिए भुगतान किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, इंडस्ट्रियल विजिट के नाम पर भी राशि निकाली गई, जबकि पूरे सत्र में केवल एक ही विजिट जनवरी माह में कराई गई।
विद्यालय में पुताई कार्य भी आधे-अधूरे और घटिया गुणवत्ता का किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मिट्टी और चूने से की गई पुताई छूते ही झड़ रही है, बावजूद इसके पूरा भुगतान आहरित कर लिया गया।
सबसे चिंताजनक स्थिति स्वच्छता व्यवस्था की है। शौचालयों की साफ-सफाई के लिए राशि निकाली गई, लेकिन जमीनी स्तर पर गंदगी का आलम बना हुआ है।
इसके अलावा, संबल योजना में भी बड़ी लापरवाही सामने आई है
कक्षा 9वीं के छात्रों का पैसा पिछले दो वर्षों से वापस नहीं किया गया
इस वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्रों का भी भुगतान लंबित है
विद्यालय में प्रयोगशाला नाम मात्र की है किसी प्रकार की कोई सामग्री प्रयोगशाला में नहीं है जबकि राशि हर वर्ष आती है और खेल सामग्री का भी अभाव है, जिससे छात्रों की पढ़ाई और शारीरिक विकास प्रभावित हो रहा है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 3.5 लाख रुपये की राशि खर्च कहां हुई?
ग्रामीणों और अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या कदम उठाता है।