काशी में सीएम का सादा अंदाज कचौड़ी-सब्जी और लस्सी का लिया स्वाद

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का काशी दौरा भी चर्चा में रहा। सुबह वे अपनी पत्नी सीमा यादव के साथ शहर की मशहूर राम भंडार पहुंचे, जहां उन्होंने कचौड़ी-सब्जी और लस्सी का ऑर्डर दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने आम लोगों के बीच बैठकर नाश्ता किया और बाद में खुद दुकानदार को भुगतान भी किया। दुकान पर सीएम को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। कई लोगों ने उनसे बातचीत की और उनके सहज व्यवहार की सराहना की। नाश्ते के बाद मीडिया से चर्चा में सीएम ने कहा कि बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर की कृपा से उन्हें एक हफ्ते में दो बार काशी आने का अवसर मिला, जो उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा की भी सराहना की। सीएम ने काशी में आयोजित विक्रमोत्सव 2026 के तहत हो रहे विक्रमादित्य आधारित महानाट्य को अद्भुत बताते हुए लोगों से इसे जरूर देखने की अपील की। 3 अप्रैल को मोहन यादव और योगी आदित्यनाथ ने मिलकर महानाट्य मंचन का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम यादव ने योगी को वैदिक घड़ी भेंट की।
शिक्षकों के हित में प्रदेश सरकार सुको में दायर करे रिव्यू पिटीशन
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने शिक्षक पात्रता परीक्षा, टीईटी को लेकर राज्य सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को राहत देने के लिए सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू या क्यूरेटिव पिटीशन दायर की जाए। सिंह ने कहा कि शिक्षक द्वारा व्यक्तिगत रूप से सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल करने से उन्हें सीनियर वकीलों की सेवाएं लेनी पड़ेंगी, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। ऐसे में राज्य सरकार को आगे आकर शिक्षकों के हित में पहल करनी चाहिए। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि सिविल अपील क्रमांक 1385-1386,2025 महाराष्ट्र से संबंधित मामला था, जिसमें मध्यप्रदेश पक्षकार नहीं था।
महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित 66 महिलाएं टीम में शामिल
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया ने प्रदेश कार्यकारिणी घोषित कर दी है। इसमें पूर्व मंत्री पीसी शर्मा की बहू रूपाली शर्मा को महासचिव बनाया गया है। टीम में कुल 66 पदाधिकारी नियुक्त की गई है। इनमें ज्योति सिंह व मनीषा रावत ग्वालियर, शांति भालेश्वर इंदौर और यासमीन शेरानी रतलाम को उपाध्यक्ष बनाया गया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा की मंजूरी के बाद प्रदेश महिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित की गई। महिला कांग्रेस की 66 पदाधिकारियों वाली टीम में 4 उपाध्यक्ष और 23 महासचिव समेत कई अहम पद दिए गए हैं। पार्टी का मानना है कि इस नई टीम से प्रदेश में महिला कांग्रेस की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। घोषित कार्यकारिणी में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से महिलाओं को शामिल किया गया है। उन्हें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और महिला मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जब सिंधिया ने आवास के बदले कर दी डिमांड, बगलें झांकने लगा युवक
ग्वालियर राजघराने के महाराज यानी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी किसी से कुछ मांग सकते हैं क्या? लोगों को सोच कर ही अजीब लगता है। लेकिन, शुक्रवार को पीएम आवास के बदले उन्होंने खुले मंच से डिमांड रख दी। जिससे सिंधिया ने यह डिमांड रखी, वह तो भौचक्क रह ही गया। कार्यक्रम में मौजूद हर शख्स हैरान हो गया। मगर इस हैरानी के बीच सिंधिया अपनी डिमांड पूरी कराकर ही माने और डिमांड पूरी करने के बाद ही युवक को पीएम आवास का लाभ मिल सका। केंद्रीय मंत्री सिंधिया मुंगावली व पिपरई के दौरे पर थे। उन्होंने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का भी निराकरण किया। दरबार में पहुंचे इसयन खान ने पीएम आवास की मांग कर बताया कि दस वर्षों से ग्राम पंचायत के चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसकी गुहार नहीं सुनी जा रही। सिंधिया ने उसे पीएम आवास तत्काल दिलाने भरोसा दिलाया, लेकिन उसके सामने डिमांड रख दी।