मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग के भोपाल स्थित आधिकारिक आवास में 2 अप्रैल की रात अज्ञात लोगों ने घुसकर छह ट्रॉफियां चोरी कर लीं. मंत्री के निजी सहायक ने 6 अप्रैल को टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और एक एसआईटी का गठन किया गया है.

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग के भोपाल स्थित आधिकारिक आवास में 2 अप्रैल की रात अज्ञात लोगों ने घुसकर छह ट्रॉफियां चोरी कर लीं. एक मंत्री के घर हुई इस चोरी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्री के निजी सहायक प्रवीण सक्सेना ने 6 अप्रैल को टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर के अनुसार, संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास लगे कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपियों ने पहले से रेकी की थी और मुख्य आवास के बाहर स्थित स्टोर रूम को निशाना बनाया.
उन्होंने बताया, ‘स्टोर रूम में कुछ शील्ड्स रखी थीं, जिन्हें स्मृति चिह्न बताया जा रहा है. हमने एक टीम गठित की है और आरोपियों की तलाश जारी है. उस जगह पर सीसीटीवी कैमरा नहीं था.’
घटना के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है.
जांच का नेतृत्व कर रहे सब-इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिकरवार ने कहा कि मामले की कई पहलुओं से जांच की जा रही है.
हाल के समय में भोपाल में उच्च सुरक्षा वाले इलाकों में स्थित राजनेताओं के घर भी चोरों के निशाने पर रहे हैं. सितंबर 2025 में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के इंदौर स्थित बिजलपुर इलाके के आवास पर नकाबपोश घुसपैठियों ने डकैती का प्रयास किया था.
इससे पहले अगस्त 2024 में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह के भोपाल के चार इमली स्थित आवास से नकदी और गहनों की चोरी हुई थी.