गुरुवार को एयर इंडिया का यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शुक्रवार को पीएम मोदी ने घटना स्थल का दौरा किया. वहीं, इस हादसे को लेकर अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, पाकिस्तान, बांग्लादेश और मालदीव समेत कई देशों के प्रमुखों ने अपनी संवेदना ज़ाहिर की है.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (13 जून ) को गुजरात के अहमदाबाद में उस घटना स्थल का दौरा किया, जहां एक दिन पहले एयर इंडिया का यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस दौरान प्रधानमंत्री सिविल अस्पताल भी पहुंचें, जहां इस हादसे के घायलों का इलाज जारी है.
मालूम हो कि गुरुवार (12 जून) को एयर इंडिया का विमान लंदन जाने के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक रिहायशी इलाक़े में गिर गया था, जिसके बाद देर रात एयर इंडिया ने इसमें सवार 242 लोगों में से 241 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की. विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर थे.
इस घटना में भारतीय मूल के एक ब्रिटिश यात्री ज़िंदा बच निकलने में कामयाब रहे. वहीं, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई.
गुरुवार को घटना के बाद अहमदाबाद पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ‘लगभग सारे यात्रियों के शवों को निकालने का काम पूरा हो चुका है. सवा लाख लीटर ईंधन होने के कारण तापमान इतना अधिक था कि किसी को बचाए जाने की कोई संभावना नहीं थी.’
इस हादसे को लेकर देश-विदेश से तमाम संवेदनाएं मिल रही हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने हादसे की जांच में हर संभव मदद करने की बात भी कही है.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू समेत कई राष्ट्राध्यक्षों ने संवेदना ज़ाहिर की है.
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू समेत कई राष्ट्राध्यक्षों ने संवेदना ज़ाहिर की है.
व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने विमान हादसे पर कहा, ‘विमान दुर्घटना बहुत भयानक था. मैंने उन्हें बता दिया है कि हम जो कुछ भी कर सकते हैं, वह करेंगे. भारत एक बड़ा और मजबूत देश है. मुझे यकीन है कि वे इसे संभाल लेंगे.’
एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही फ्लाइट AI171 एक दुर्घटना का शिकार हो गई. 12 साल पुराना बोइंग 787-8 विमान दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से रवाना हुआ था. इसमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य सवार थे. टेकऑफ के कुछ समय बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हमें अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि कुल 242 लोगों में से 241 की मौत हो चुकी है. एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे. जो जीवित बचे हैं, वह भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक हैं.
‘एयर इंडिया मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है. फिलहाल हमारा पूरा ध्यान प्रभावितों, उनके परिजनों और प्रियजनों की सहायता पर है. एयर इंडिया की एक विशेष टीम अहमदाबाद में मौजूद है ताकि ज़रूरतमंदों को हर संभव मदद दी जा सके. हम इस घटना की जांच कर रही एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रहे हैं. एयर इंडिया ने एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है. भारत के बाहर से कॉल करने वालों के लिए नंबर है: +91 8062779200.’ एयर इंडिया ने एक्स पर लिखा है.
एयर इंडिया ने एक अन्य पोस्ट में कुछ और जानकारी दी है. लिखा है, ‘एयर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक हवाईअड्डों पर ‘फ्रेंड्स एंड रिलेटिव्स असिस्टेंस सेंटर्स’ स्थापित किए हैं, ताकि फ्लाइट AI171 के यात्रियों के परिजनों और प्रियजनों को सहायता और जरूरी मदद दी जा सके. इन केंद्रों के माध्यम से परिजनों की अहमदाबाद जाने की व्यवस्था भी की जा रही है.’
दुर्घटना के संबंध में एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, ‘बहुत दुख के साथ मैं ये पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद से लंदन गेटविक जा रहे एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 171 आज हादसे का शिकार हुई है. इस भयावह हादसे से प्रभावित लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं. फिलहाल हमारी प्राथमिकता सभी प्रभावितों और उनके परिवारों को सहायता देने पर है. हम मौके पर मौजूद इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों की मदद करने और हादसे के प्रभावितों के लिए ज़रूरी मदद पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं.’
ज्ञात हो कि एयर इंडिया का बी787 ड्रीमलाइनर एयरक्राफ़्ट जो अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट की उड़ान भर रहा था वो वहां के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस विमान के मेन पायलट सुमित सभरवाल थे और को-पायलट क्लाइव कुंदर थे. विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर थे.
एयरलाइन के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बोइंग 787-8 विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई और सात डच नागरिक सवार थे.