नीतीश कुमार ने गुरुवार को दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. उनके साथ भाजपा नेता सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने भी दूसरी बार उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. कुल 26 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं.

नई दिल्ली: पिछले हफ़्ते राज्य में हुए विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 243 में से 202 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की, जिसके बाद नीतीश कुमार ने गुरुवार (20 नवंबर) को दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.
नीतीश के दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही वह देश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले मुख्यमंत्रियों में से एक बन गए हैं. 2014-15 के बीच थोड़े समय को छोड़कर नीतीश कुमार 2005 में पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद से इस पद पर बने हुए हैं.
पटना के गांधी मैदान में हुए शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा राज्य में एनडीए के सहयोगी भी शामिल हुए.
नीतीश के साथ भाजपा नेता सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने भी दूसरी बार उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. बुधवार को दोनों को भाजपा विधायक दल का नेता और उप नेता बनाया गया.
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में नीतीश को ‘एक अनुभवी प्रशासक के तौर पर बधाई दी, जिनका कई सालों से अच्छे शासन का एक साबित ट्रैक रिकॉर्ड है.’
मोदी ने चौधरी और सिन्हा को फिर से उपमुख्यमंत्री बनने पर भी बधाई दी. उन्होंने कहा, ‘दोनों नेताओं ने लोगों की सेवा करने के लिए जमीनी स्तर पर बहुत काम किया है. उन्हें शुभकामनाएं.’
ज्ञात हो कि 14 नवंबर को घोषित बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा 89 सीटें जीतकर अकेली बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, वहीं जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) ने 85 सीटें जीती हैं. एनडीए के दूसरे घटक दलों, जिनमें चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 19 सीटें, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने 5 और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) ने 4 सीटें जीती हैं.
गुरुवार को कुल 26 कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली. इसमें भाजपा के 14, जदयू के आठ, एलजेपी (रामविलास) के 2 और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और आरएलएम के एक-एक मंत्री शामिल हैं.
नीतीश कुमार के नए कैबिनेट में तीन महिलाएं और एक मुस्लिम विधायक शामिल हैं. महिला विधायकों में लेशी सिंह जदयू की विधायक हैं. रमा निषाद और श्रेयसी सिंह भाजपा की विधायक हैं. एक मात्र मुस्लिम मंत्री मोहम्मद ज़मा ख़ान जनता दल यूनाइटेड की विधायक हैं. उन्होंने चैनपुर विधानसभा सीट से जीत हासिल की है.