मंत्री विजय शाह फिर विवादों में: 2013 में छोड़नी पड़ी थी कुर्सी

भोपाल/मंगल भारत

रतलाम में लाड़ली बहनों को लेकर विवादित बयान से ट्रोल हुए जनजातीय मंत्री विजय शाह की 12 साल के दौरान 7-8 मर्तबा जुबान फिसल चुकी है। 2013 में तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान की पत्नी को लेकर ओछी टिप्पणी करने के बाद उन्हें मंत्रिमंडल से हटना भी पड़ा था। इस साल मई में ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कर्नल सोफिया पर विवादित टिप्पणी का मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में है। हर बार विवादित बयानबाजी के बाद स्पष्टीकरण अथवा माफी मांग कर मामले से पल्ला झाड़ते रहे। 2013 में मंत्री शाह को झाबुआ के कार्यक्रम में तत्कालीन सीएम और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी को लेकर द्विअर्थी टिप्पणी कर दी थी। इसके बाद उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा था।
2017: अल्पसंख्यक संस्थानों में राष्ट्रगान बजाने और स्कूली बच्चों को जय हिंद कहकर हाजिरी लगाने संबंधी बयान।
2018: भोपाल के एक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और किन्नर समाज के संदर्भ में विवादित बयान दे दिया था। इस पर भी मंत्री शाह जमकर ट्रोल हुए। ट्रांसजेंडर्स ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
2020: फिल्म की शूटिंग के लिए मप्र के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आई सिने अभिनेत्री विद्या बालन द्वारा तत्कालीन वन मंत्री शाह के डिनर का आमंत्रण ठुकराने पर शूटिंग क्रू की गाडिय़ां रोक दी गई। बाद में मंत्री ने आरोपों का खंडन किया।
2022: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अविवाहित होने को लेकर पूछ लिया था कि कहीं कोई गड़बड़ तो नहीं? इस पर भी वह जमकर ट्रोल हुए।