जनजातीय विद्यालय में करियर काउंसलिंग संपन्न : विशेषज्ञों ने दी भविष्य संवारने की राह.सीधी.

जनजातीय विद्यालय में करियर काउंसलिंग संपन्न : विशेषज्ञों ने दी भविष्य संवारने की राह.

​शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया विकास खंड कुसमी जिला सीधी में दिनांक 31.01.2026 को छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से एक वृहद ‘करियर काउंसलिंग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक युग की चुनौतियों और करियर के नए अवसरों के प्रति जागरूक किया गया.

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा के समक्ष धूप-दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक कुमार बैस द्वारा की गई। कार्यक्रम की संपूर्ण कार्ययोजना श्री एल.बी. सिंह द्वारा तैयार की गई, जिन्होंने सत्र को व्यवस्थित और उद्देश्यपूर्ण बनाने में मुख्य भूमिका निभाई.

करियर काउंसलिंग के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सीधी द्वारा अधिकृत काउंसलर श्री छोटेलाल रावत एवं श्री ज्ञानेंद्र मिश्रा ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने 12वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं और जनजातीय कार्य विभाग की कल्याणकारी योजनाओं (जैसे आकांक्षा और प्रतिभा योजना) की विस्तार से जानकारी दी। काउंसलर टीम के सदस्यों द्वारा छात्र छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर संवारने के टिप्स दिए गए एवं छात्र छात्राओं के द्वारा कैरियर के संबंध में उनके समक्ष रखे गए प्रश्नों का जवाब दिया एवं छात्र छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कैरियर मेले के इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12वीं के छात्र छात्राओं को करियर संबंधी जानकारी प्रदान करने वाली पुस्तक “अवसर करियर मार्गदर्शिका” की प्रतियां वितरित की गई।
सत्र को रोचक और उत्साहवर्धक बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा बीच-बीच में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरे हॉल में उत्साह का माहौल बना रहा।
इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों श्री लाला बैगा, श्री नारद मणि रजक, श्रीमती अल्का भुर्तिया, श्रीमती सरिता मेहर, श्रीमती आराधना गुप्ता एवं श्री राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से परामर्श देने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य श्री अशोक कुमार बैस ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि आज का विद्यार्थी केवल सूचनाओं तक सीमित न रहे, बल्कि अपने हुनर को पहचान कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। उन्होंने सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।