ऐतिहासिक गिरावट में भारतीय रुपया पहली बार शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 93 रुपये के स्तर को पार कर गया. अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से रुपया 2% से अधिक कमज़ोर हो चुका है.

नई दिल्ली: भारतीय रुपया शुक्रवार (20 मार्च) को पहली बार डॉलर के मुकाबले 93 रुपये के स्तर को पार कर गया.
यह ऐतिहासिक गिरावट कच्चे तेल की कीमतों में तेज़ उछाल और बढ़ते चालू खाता घाटे के बीच आई है, जो पहले से ही भारतीय अर्थव्यवस्था पर दबाव बना रहा है.
रुपया करीब 0.7% गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.2750 पर पहुंच गया. इससे पहले इस हफ्ते 18 मार्च को यह अपने पिछले रिकॉर्ड निचले स्तर 92.63 तक गिर गया था.
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, रुपया 92.92 पर खुला था, इसके बाद यह 93 के स्तर को पार कर गया.
अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद से रुपया 2% से अधिक कमजोर हो चुका है. होर्मुज़ जलडमरूमध्य के बंद होने पर वैश्विक ईंधन आपूर्ति में बाधा आई है, जिसके चलते ईंधन कीमतों में तेज़ उछाल आया, जिसका सीधा असर रुपये की विनिमय दर पर पड़ा.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया में तेल संकट के चलते विदेशी निवेशकों ने इस महीने भारतीय शेयर बाजार से 8 अरब डॉलर से अधिक की निकासी की है, जो जनवरी 2025 के बाद सबसे बड़ी निकासी है.
19 मार्च को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुद्ध रूप से 7,558.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जिससे रुपये पर दबाव बढ़ा. सेंसेक्स और निफ्टी 20 मार्च को हल्की रिकवरी से पहले से पहले 21 महीने के निचले स्तर तक गिर गए थे.