स्मार्ट घरों के डिजिटल पहरेदार: रक्षक या भक्षक?डिजिटल पहरेदार

‘तकनीक का शॉर्ट-सर्किट’: सुविधा की चमक में झुलसती सुरक्षा, सेंसर लॉक और ईवी की चमक के पीछे छिपे अनदेखे खतरे
आधुनिकता की अंधी दौड़ में हम अपने घरों को स्मार्ट बनाने की चाहत में सुरक्षा के उस बुनियादी सिद्धांत को भूलते जा रहे हैं, जो जीवन और मृत्यु के बीच की लकीर होता है। जिस तकनीक को हमने अपनी दहलीज की रखवाली के लिए चुना था, क्या वही आज हमारी सांसों की दुश्मन बन बैठी है? हाल ही में इंदौर में हुई वह हृदयविदारक घटना, जिसमें एक परिवार अपने ही घर के स्मार्ट सेंसर लॉक की वजह से काल के गाल में समा गया, हमारे समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। आग की लपटें बाहर थीं और तकनीक की बेडिय़ां अंदर। इससे पहले एक कारोबारी के आलीशान पेंटहाउस में भी यही मंजर दिखा था जहाँ दरवाज़ा तकनीक के भरोसे बंद था, लेकिन संकट के समय वही तकनीक उसकी मौत का कारण बन गई। यह केवल दो घटनाएं नहीं हैं, बल्कि उस खतरनाक ट्रेंड का संकेत हैं जहाँ हम सुरक्षा के नाम पर सुविधा को घर ला रहे हैं, विवेक को नहीं।
सेंसर आधारित लॉक चाहे वे फिंगरप्रिंट, फेस रिकग्निशन या पासवर्ड पर आधारित हों पूरी तरह बिजली, बैटरी और सॉफ्टवेयर पर निर्भर होते हैं। तकनीकी रूप से देखें तो आग लगने पर अत्यधिक तापमान, धुंआ और शॉर्ट-सर्किट इन इलेक्ट्रॉनिक सर्किट्स को निष्क्रिय कर सकते हैं। ऐसे में जो दरवाज़ा सुरक्षा का प्रतीक था, वही निकास का सबसे बड़ा अवरोध बन जाता है।
यह समस्या वैश्विक है: अमेरिका और चीन में स्मार्ट लॉक फेल होने के मामलों के बाद वहां मैकेनिकल ओवरराइड को अनिवार्य सुरक्षा फीचर बनाया गया है। दक्षिण कोरिया जैसे देशों ने तो फेल-सेफ सिस्टम को अपने बिल्डिंग कोड में ही शामिल कर लिया है। भारत में भी यह खतरा वास्तविक है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के अनुसार, देश में हर वर्ष हज़ारों आग की घटनाएं दर्ज होती हैं, जिनमें मौत का बड़ा कारण घर के अंदर फंसे रहना होता है। यह आंकड़ा हमें आगाह करता है कि एग्जिट की विफलता अक्सर आग से भी बड़ा खतरा साबित होती है।
स्मार्ट होने का अर्थ डिजिटल होना नहीं: हकीकत यह है कि हर तकनीक हर घर के लिए उपयुक्त नहीं होती। तकनीकी रूप से सक्षम छोटे परिवारों या नियंत्रित कमर्शियल स्पेस के लिए ये लॉक भले ही सुविधाजनक हों, लेकिन बुजुर्गों, बच्चों या घरेलू सहायकों वाले घरों में, जहाँ एक ही निकास द्वार हो, वहां पूरी तरह डिजिटल लॉक पर निर्भरता आत्मघाती हो सकती है। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, स्मार्ट होने का अर्थ केवल डिजिटल होना नहीं, बल्कि सुरक्षित होना है। इसके लिए ड्यूल लॉक सिस्टम अपनाना अनिवार्य है, जिसमें सेंसर के साथ एक चाबी का विकल्प हमेशा मौजूद रहे।
ईवी डराने वाली सुरक्षा चुनौतियां: जैसे घरों में स्मार्ट लॉक का जाल बिछा है, वैसे ही सडक़ों पर इलेक्ट्रिक व्हीकल की रफ्तार बढ़ी है। नीति आयोग की रिपोट्र्स ईवी को भविष्य की जरूरत बताती हैं, लेकिन इनके साथ जुड़ी सुरक्षा चुनौतियां डराने वाली हैं। ईवी में आग लगने का मुख्य वैज्ञानिक कारण थर्मल रनअवे है, जिसमें बैटरी के सेल्स अनियंत्रित रूप से गर्म होकर फटने लगते हैं। यह अक्सर ओवरचार्जिंग, गलत चार्जर का उपयोग या बैटरी के डैमेज होने से होता है। साल 2022 में भारत में हुए कई ईवी स्कूटर हादसों के बाद सरकार को जांच के आदेश देने पड़े और हज़ारों गाडिय़ां रिकॉल की गईं। जर्मनी और जापान जैसे देशों में ईवी बैटरियों के लिए मल्टी-लेयर टेस्टिंग अनिवार्य है, जबकि हमारे यहाँ अभी यह जागरूकता शुरुआती दौर में है।
जीवन रक्षक आपातकालीन निकास: अक्सर मौत का कारण आग नहीं, बल्कि निकास का न होना होता है। सुरक्षा विशेषज्ञों का सुझाव है कि हर घर में कम से कम एक खिडक़ी ऐसी होनी चाहिए जो संकट के समय फ्री-वे का काम करे।
अंदर से खुलने वाली ग्रिल : सुरक्षा के लिए खिड़कियों में फिक्स्ड ग्रिल के बजाय ऐसी ग्रिल लगवाएं जिसमें अंदर की तरफ एक लीवर या मैन्युअल लॉक हो।
इमरजेंसी हैमर : जिस तरह बसों और ट्रेनों में कांच तोडऩे के लिए एक छोटा हथौड़ा लगा होता है, वैसा ही एक हथौड़ा अपनी मुख्य खिडक़ी के पास स्टैंड में लगाकर रखें। आग के समय धुआं इतना घना होता है कि चाबी ढूंढना असंभव होता है; ऐसे में कांच तोडक़र बाहर निकलना ही एकमात्र रास्ता बचता है।
निकास पथ की शुचिता: जिस खिडक़ी या दरवाजे को आपने इमरजेंसी एग्जिट चुना है, उसके सामने कभी भी भारी फर्नीचर, सोफा या अलमारी न रखें। यह रास्ता हमेशा खाली और बाधा रहित होना चाहिए।
लोकेशन और ट्रेनिंग: यह निकास ऐसी जगह हो जहाँ से बाहर की तरफ खुली जगह हो। परिवार के हर सदस्य, यहाँ तक कि बच्चों को भी, इस ग्रिल को खोलने अभ्यास जरूर कराएं।
मॉडर्न फर्नीचर—सजावट या फ्यूल?
आजकल के स्मार्ट और मॉडर्न फर्नीचर केवल लकड़ी के नहीं, बल्कि सिंथेटिक मैटेरियल, रेजिन और ग्लू से बने होते हैं, जो आग लगने पर पेट्रोल की तरह काम करते हैं और बेहद जहरीला काला धुआं छोड़ते हैं।
इलेक्ट्रिक बेड और सेंसर सोफे: रिमोट से चलने वाले बेड और सेंसर वाली रिक्लाइनर कुर्सियों में बिजली की वायरिंग छिपी होती है। यदि इनमें शॉर्ट-सर्किट हो जाए, तो फर्नीचर के भीतर लगी फोम चंद सेकंड में धधक उठती है। हमेशा फायर रिटार्डेंट फैब्रिक वाले फर्नीचर चुनें और सेंसर वाले फर्नीचर के पास फायर एक्सटिंग्विशर जरूर रखें।
(लेखक पूर्व पुलिस अधिकारी हैं)