बीस घंटे में हर रोज दो हजार किलोमीटर की दूरी नाप रहे शिवराज

कभी पांव-पांव वाले भैय्या के रूप में पहचान बना चुके सूबे के मुखिया शिवराज सिंह चौहान इस बार पार्टी की सरकार फिर से बनवाने के लिए हर रोज औसतन दो हजार किमी की यात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वे प्रतिदिन लगभग 3 घंटे 20 मिनट भाषण दे रहे हैं। जिसकी वजह से उनका गला बैठने का खतरा बना हुआ है। इस खतरे निपटने के लिए उन्हें दिन में दो से तीन बार अदरक का रस मिला हुआ गर्म पानी पीना पड़ रहा है। यही नहीं भीड़ में लोगों से हाथ मिलाने में हाथों पर खरोंचें आने से उन्हें इसके उपचार के लिए आयुर्वेदिक क्रीम लगानी पड़ रही है। खास बात यह है कि वे बीते कई दिनों से महज चार घंटे की ही नींद ले पा रहे हैं। उनके दिन की शुरुआत सुबह ठीक पांच बजे से हो रही है। वे इसके बाद करीब दो घंटे के बीच 7.30 बजे तक योग, ध्यान और पूजा अर्चना

करते हैं। उसके बाद आधा घंटे में कमजोर सीटों पर प्रत्याशियों से चर्चा कर संगठन से फीडबैक लेते हैं। इसके बाद सुबह 8.15 बजे लोगों से मुलाकात करते हैं। सुबह 8.30 तक कानून व्यवस्था पर अफसरों से मंत्रणा करते हैं। सुबह 9.30 बजे प्रदेश की चुनावी सभाओं के लिए रवाना हो जाते हैं। रात 12 बजे सीएम हाउस लौटते हैं। रात 1.30 तक दिनभर के घटनाक्रमों का फीडबैक लेकर संगठन के नेताओं से फोन पर चर्चा करते हैं। रात 1.30 बजे सो जाते हैं।
यह है उनका डाइट चार्ट
– सीएम को खाने में दो रोटी, सब्जी, दाल और चावल चाहिए। रात में वे दलिया या लाइट फूड की जगह रोटी जरूर खाते हैं।
– शीघ्र ऊर्जा पाने मुनगे की पत्ती का पाउडर पानी के साथ पीते हैं। शिवराज को पकौंड़े पसंद हैं, लेकिन धर्मपत्नी की सख्ती है कि वे पकौड़े कम खाएं।
– चुनावी दौरे में दो जोड़ी कुर्ता-पायजामा और जैकेट साथ रखते हैं। शिवराज के साथ पूरे दौरे में एक डॉक्टर जरूर होता है।
चौहान व सिंधिंया लगा रहे सर्वाधिक दौड़
चुनाव में भाजपा की ओर से सबसे ज्यादा दौडऩे वाले नेता सीएम शिवराज सिंह चौहान हैं। वे हर दिन सर्वाधिक 13 से 14 संभाएं कर रहे हैं। उनकी सेहत का ध्यान परिवार के सदस्य रखते हैं। भोजन से लेकर योग तक का शेड्यूल है, जिसे वे व्यवस्तता के बीच भी पूरा कर रहे हैं। सीएम 18 से 20 घंटे काम कर रहे हैं। चार घंटे ही नींद ले पा रहे हैं। इसके उलट कांग्रेस में सबसे ज्यादा दौरे चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया कर रहे हैं। भागदौड़ के बीच सेहत बनाए रखने के लिए वे रोज योग और व्यायाम करते हैं। खाने के लिए टिफिन अपने साथ ही लेकर चलते हैं और थकावट दूर करने के लिए ब्लैक कॉफी पीते हैं।