मप्र सहित 4 राज्यों में किसानों की आमदनी घटी

किसानों की आय दोगुनी होने का लक्ष्य अब भी काफी पीछे
– मप्र में प्रति किसान परिवार की मासिक आय में 1,401 रुपए की कमी आई


भोपाल।
केंद्र और राज्य सरकारें 2022 में किसानों की आय दोगुना करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही हैं ,लेकिन मप्र सहित चार राज्यों में किसानों की आमदनी घटी है। इसका खुलासा 24 मार्च को कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण पर गठित संसद की स्टैंडिंग कमेटी द्वारा लोकसभा और राज्यसभा में पेश की गई रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार मप्र में प्रति किसान परिवार की मासिक आय में 1,401 रुपए की कमी आई है। वर्ष 2015-16 में एक किसान परिवार की आय 9,740 रुपए महीने थी, जो 2018-19 में घटकर 8,339 रुपए हो गई। विशेषज्ञों का अनुमान है कि ताजा स्थिति में भी सुधार नजर नहीं आता। यह तब है जब केन्द्र सरकार किसानों के हित में 20 से ज्यादा योजनाएं चला रही है।
समिति ने अपनी रिपोर्ट में दो सर्वे के आंकड़े बताए हैं। ये सर्वे 2015-16 और 2018-19 के हैं। इन सर्वे के हवाले से समिति ने बताया है कि 2015-16 में देश के किसानों की महीने की औसत आमदनी 8 हजार 59 रुपए थी, जो 2018-19 तक बढ़कर 10 हजार 218 रुपये हो गई। यानी 4 साल में महज 2 हजार 159 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। सबसे ज्यादा कमाई मेघालय के किसानों की है। यहां के किसान की हर महीने की आमदनी 29 हजार 348 रुपए है। दूसरे नंबर पर पंजाब है, जहां के किसान 26 हजार 701 रुपए एक महीने में कमाते हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर 22 हजार 841 रुपये की कमाई के साथ हरियाणा के किसान हैं।
किस राज्य में कितनी आयी कमी
देश में चार राज्य ऐसे हैं जहां किसानों की आमदनी कम हो गई है। इनमें  मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और नागालैंड  शामिल हैं।  झारखंड के किसानों की हर महीने की कमाई 2 हजार 173 रुपए वहीं, नागालैंड में 1 हजार 551 रुपए  तो मप्र में 1400 रुपए और ओडिशा में 162 रुपए की आमदनी घट गई  है। कमेटी ने सुझाव दिया है कि सरकार को एक स्पेशल टीम बनानी चाहिए जो इन राज्यों में किसानों की घटती आमदनी के कारणों का पता लगाए। साथ ही इन राज्यों में सही कदम उठाने का सुझाव भी दिया है। किसान और प्रांत प्रचार प्रमुख मध्यभारत भारतीय किसान संघ राहुल धूत का कहना है कि कृषि से जुड़ी मशीनरी, खाद- बीज, दवा, डीजल समेत अन्य चीजों के मूल्य पिछले कुछ सालों में दोगुने से ज्यादा बढ़ गए। इस वजह से खेती की लागत बढ़ती जा रही है। इसकी तुलना में किसान की आमदनी नहीं बढ़ रही है।
कमाई तो ठीक लेकिन खर्च भी बढ़ रहा
किसानों की आमदनी  बढ़ी है तो खर्च भी बढ़ गया  है। बीते  साल नवंबर में सरकार ने बताया था कि हर महीने 10,218 रुपए कमाते हैं तो 4,226 रुपए खर्च हो जाते हैं। किसान हर महीने 2 हजार 959 रुपये बुआई और उत्पादन पर तो 1 हजार 267 रुपए पशुपालन पर खर्च करता है। यानी, किसानों के पास हाथ में 6 हजार रुपए भी पूरे नहीं आते।  पिछले साल जुलाई में वित्त मंत्रालय ने बताया था कि 31 मार्च 2021 तक किसानों पर 16.80 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज था  है। उस समय यी े भी साफ कर दिया था कि किसानों की कर्ज माफी करने का फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है।
केंद्र ने 3 साल में 3,000 करोड़ से ज्यादा की राशि दी
किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने मप्र को पिछले तीन साल में तीन हजार करोड़ से ज्यादा की राशि दी है। इसके बाद भी अन्नदाता की माली हालत में सुधार नहीं आया। जिन चार राज्यों में किसान की मासिक आय कम हुई है उसे लेकर संसद की स्थायी समिति ने   रिपोर्ट में लिखा है कि इन राज्यों में राज्य का कृषि विभाग केवल मूक दर्शक बना रहा। यानी जो योजनाएं चल रही हैं, उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए प्रयास या मेहनत नहीं की गई।  रिपोर्ट में लिखा कि राज्य सरकार की तरफ से कोई जवाब ही नहीं दिया गया। मप्र में एक करोड किसान हैं, जिनमें आधे से ज्यादा सीमांत हैं। प्रदेश में करीब 170 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसमें 4 लाख करोड़ का उत्पादन होता है।