चुनावी साल में कांग्रेस चली भाजपा की राह, बनाएगी मोहल्ला कमेटी

राजनैतिक रुप से देश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस अब भाजपा के पदचिन्हों पर चलने की तैयारी कर रही है। जिसके तहत अब कांग्रेस में मोहल्ला कमेटी गठित करने का फैसला किया गया है। इसकी शुरुआत मप्र से की जा रही है। इसकी वजह है इस साल के अंत में इस राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव। पार्टी इस कदम से मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बढ़ाने का प्रयास करेगी। दरअसल भाजपा द्वारा बीते कुछ समय से प्रबुद्धजन जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की काट के रूप में कांग्रेस ने अब उसके ही पदचिन्हों पर चलने का फैसला कर लिया है। कांग्रेस की कमेटी में इसकी कमान किसी प्रभावी व्यक्ति को दी जाएगी। कांग्रेस ने अपने नेताओं से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के प्रबुद्धजनों के घर जाएं, उनके साथ बैठकर चाय पीएं, चर्चा करें। कांगे्रस की विचारधारा से उन्हें अवगत करायें। प्रदेश सरकार के कामकाज की जमीनी हकीकत पता करें। योजनाओं की विफलताओं के बारे में बताएं। किसी पर भी कांगे्रस ज्वाइन करने का दवाब न बनाया जाए। यदि वे पार्टी में शामिल होते हैं तो अच्छा है। उनसे यही कहा जाए कि वे सिर्फ सच का साथ दें। पार्टी को उम्मीद है कि जब समाज का हर वर्ग भाजपा सरकार से नाराज है तो ऐसे में वे कांग्रेस का ही साथ देंगे। इनमें से किसी एक सक्रिय व्यक्ति को मोहल्ला कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी जाए। इस कमेटी में अन्य सदस्य भी शामिल होंगे।
यह किया था भाजपा ने
भाजपा ने पिछले दिनों प्रबुद्धजन जोड़ो अभियान शुरू किया था। इसके तहत नेताओं ने क्षेत्र के प्रभावी और प्रबुद्धजनों से भेंट कर भाजपा सरकार और पार्टी के काम काज की जानकारी दी थी। इनमें रिटायर नौकरशाह, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, डाक्टर, इंजीनियर सहित अन्य वर्ग के लोग शामिल रहे। प्रयास यही रहा कि ये पार्टी की विचार से जुड़े। भोपाल प्रवास के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी प्रबुद्धजनों से भेंट की थी।