अन्नदाता अधिकार यात्रा से दिया जाएगा जनआर्शीवाद का जवाब

प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआर्शीवाद यात्रा का भले ही कांग्रेस जवाब नहीं दे पा रही है, लेकिन किसान नेता शिवकुमार शर्मा ‘कक्काजी’ उसके जवाब में अन्नदाता अधिकार यात्रा निकालने की घोषणा कर सरकार को चुनौती देने का ऐलान कर दिया है। कक्का जी का कहना है कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों से किए वादे पूरे नहीं किए। इसके बाद भी ढ़ाई करोड़ के रथ में सवार होकर जनता से आशीर्वाद मांगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके जवाब में किसान 15 अगस्त को मंदसौर से अन्नदाता अधिकार यात्रा शुरू करेंगे। यात्रा में किसान अपने टै्रक्टर लेकर निकलेंगे। यह यात्रा प्रदेश के सभी 51 जिलों में 7000 किलोमीटर का फासला तय कर 29 अक्टूबर को भोपाल में पहुंचकर आमसभा के साथ समाप्त होगी।
सडक़ पर होगा रात्रि विश्राम
यात्रा की अनुवाई कर रहे कक्काजी ने बातचीत में कहा कि यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम सडक़ पर किया जाएगा। दलित गरीब के यहां भोजन होगा। भाजपा सरकार को 15 साल का मौका मिला, लेकिन इस दौरान किसान सबसे ज्यादा परेशान है। अन्नदाता अधिकार यात्रा में सरकार के काम-काज लेखा-जोखा जनता के बीच पेश किया जाएगा।
मैंने त्याग दिया सरनेम
कक्काजी ने कहा कि भाजपा सरकार समाज में वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा कर रही है। दलित को ब्राह्मण से लड़ाया जा रहा है। समाज में जातियों के नाम पर लोग लड़ रहे हैं। इसके लिए सोशल मीडिया भी बहुत हद तक जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि अब वे अपने नाम के साथ शर्मा नहीं लिखेंगे। वे नहीं चाहते कि लोग जातियों के नाम पर लड़े। उन्होंने बताया कि ‘जाति तोड़ो देश जोड़ो’ उनका अभियान भी है।
किसानों का हो कर्ज माफ
कक्काजी ने कहा कि सरकार व्यापारी और उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। सरकार ने चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कर्ज माफ कर दिया, लेकिन किसानों के नाम पर चुप्पी साध ली। किसानों का कर्ज माफ होना चाहिए। उनको फसल के उचित दाम मिलें। किसानों की न्यूनतम आय तय हो। फल, दूध और सब्जी को भी समस्र्थन मूल्य में शामिल किया जाए।