अबकी बार 200 का आंकड़ा छूएगी भाजपा: संजय खोचे

मप्र भाजपा के सह मीडिया प्रभारी और भाजपा के पत्र-पत्रिका प्रकाशन विभाग के संयोजक संजय कुमार खोचे का कहना है कि मप्र के विधानसभा में कांग्रेस अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। उसका मुकाबला भाजपा से नहीं, बल्कि अपने क्षत्रपों और आंतरिक कलह से है। लंबे अरसे तक कुशाभाऊ ठाकरे के कोर ग्रुप के सदस्य रहे संजय का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पिछले पंद्रह सालों में भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश के विकास को नए आयाम दिए हैं। उपलब्धियों के रिकॉर्ड कायम किए हैं। शिवराजजी ने अपने कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम से मप्र को बीमारू राज्य की श्रेणी बाहर लाकर देश के सबसे विकसित राज्य की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है। उनका दावा है कि भाजपा अबकी बार-200 पार का आंकड़ा छूएगी और चौथी बार पूर्ण बहुमत से सत्ता काबिज होगी। यहां पेश है उनसे बातचीत के मुख्यांश…


– : विधानसभा चुनाव में अबकी बार क्या भाजपा 200 पार का आंकड़ा छू पाएगी?
संजय खोचे: अवश्य 100 फीसदी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो विकासोन्मुखी काम अपने पंद्रह साल के कार्यकाल के दौरान किए हैं, उससे प्रदेश का गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान, महिला, व्यापारी, समाज का हर वर्ग बिना किसी भेदभाव के लाभान्वित हुआ है। इसलिए हमें पूरा भरोसा है कि इस विधानसभा चुनाव में भाजपा, अबकी बार-200 का आंकड़ा पार कर जाएगी। भाजपा के पास स्पष्ट और कुशल नेतृत्व है। जबकि कांग्रेस संगठन नेतृत्वहीनता का शिकार है। जितने नेता हैं उतने गुट हैं। न स्पष्ट नीति है न नीयत। जबकि भाजपा का ध्येय, नीयत, नीति, लक्ष्य और नेतृत्व स्पष्ट है। इसलिए हम पूरे विश्वास से उद्घोष कर रहे हैं अबकी बार-200 पार।

– : भाजपा किन मुद्दों पर जनता से वोट मांगेगी?
संजय खोचे: भाजपा विधानसभा चुनाव में पिछले पंद्रह साल के विकास के रिपोर्ट को जनता के सामने रखकर वोट मांगेगी। जब भारतीय जनता को मध्यप्रदेश की सत्ता मिली थी, तो हमें बीमारू राज्य मिला था। जिसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम से पहले विकासशील बनाया और आज प्रदेश की जनता के सहयोग व आशीर्वाद से मप्र की गिनती देश के सबसे विकसित राज्यों में होने लगी है। अब हम समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने के लिए कृत संकल्पित हैं। इसी लक्ष्य, विचार और सरकार द्वारा जनता-जर्नादन के लिए नियोजित की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों के आधार पर हम जनता से वोट मांगेंगे। हमें यकीन है कि जनता अबकी बार-200 पार के लक्ष्य पार करने के लिए आशीर्वाद प्रदान करेगी।

– : क्या एंटी-इनकम्बेंसी का भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा?
संजय खोचे: बिल्कुल नहीं। क्यों यहां प्रो-इनकम्बेंसी तो है, लेकिन एंटी-इनकम्बेंसी कहीं नहीं है। चुनाव तो अब हैं, भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे वर्ष भर, बारह महीने, सातों दिन सरकार के कामों को लेकर जनता के निरंतर संपर्क और संवाद में रहता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित कैडरबेस पार्टी हैं। पार्टी में निरंतर संपर्क और संवाद चलता ही रहता है। इस कारण जमीनी स्तर पर हमारी पकड़ बहुत अच्छी है। इसलिए एंटी-इनकम्बेंसी मप्र में कोई मुद्दा ही नहीं है। जब मुख्यमंत्री की जन-आशीर्वाद यात्रा में पलक-पावड़े बिछाकर लाखों का जनसमुदाय अभिवादन कर रहा है, एंटी-इनकम्बेंसी कैसी हो सकती है। यह प्रो-इनकम्बेंसी है, इन दृश्यों को देखकर हम सकते हैं कि चौथी बार मप्र में भाजपा की सरकार बनेगी।

–: भाजपा की चुनावी रणनीति क्या होगी?
संजय खोचे: विकास और सिर्फ विकास। भाजपा की इस चुनाव में बूथ लेवल पर तैयारी है। कार्यकर्ता भाजपा सरकार की पंद्रह साल की उपलब्धियों और विकास के कार्यों को जनता से सीधे संवाद कर बता रहे हैं। इसके अलावा हमने प्रभावशाली और कुशल नेतृत्व सामने रखा है। सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रत्येक विधानसभा सीट पर सशक्त, प्रभावी और स्वच्छ छवि के जिताऊ उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं पर भरोसा यही हमारी चुनावी रणनीति है। जिसके आधार हम कह सकते हैं और हमें विश्वास है कि अबकी बार-200 पार का आंकड़ा छूकर भाजपा चौथी बार मप्र में अपनी सत्ता काबिज होगी।