कड़ाके की सर्दी से ठिठुरा मध्यप्रदेश, विदिशा में ठंड से मजदूर की मौत

भोपाल/इंदौर। उत्तर भारत में लगातार बर्फबारी होने और हवाओं का रुख उत्तरी बना रहने के कारण मध्यप्रदेश ठिठुरने लगा है। रात के समय जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है,वहीं दिन में सिहरन बढ़ गई है। रविवार को खजुराहो में न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा जबकि पचमढ़ी में तीन डिग्री तापमान रहा। इंदौर में लगातार तीसरे दिन दिन रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। लगातार उत्तरी और उत्तर पूर्वी हवा चलने के कारण वातावरण में ठंड बनी हुई है। सोमवार को भी इस तरह की स्थिति बनी रहने के आसार हैं। रीवा, छतरपुर, ग्वालियर में शीतलहर चलने की संभावना बढ़ गई है। इसके साथ ही फसलों पर पाला पड़ने की आशंका भी है।
शाजापुर में 5.5 और देवास में 6 डिग्री तापमान, पौधों पर जमी ओस की बूंदें
मालवा-निमाड़ अंचल में शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। शाजापुर में न्यनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके पूर्व 14 दिसंबर 2015 को 4.8 डिग्री रहा था। पौधों पर ओस की बूंदें जमने लगी हैं। एक डिग्री तापमान और कम हो जाता तो पाला पड़ने की नौबत आ जाएगी। ऐसे में चना, आलू सहित अन्य फसलों को नुकसान हो सकता है। देवास में न्यूनतम तापमान छह और खरगोन में 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। कई स्थानों पर एक से दो डिग्री तक पारे ने गोता लगाया है। रविवार को भी ठंड ने लोगों को खासा परेशान कि या। सुबह कोहरा छाया रहा। दिन भर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। अलाव का भी सहारा लिया।
विदिशा के कुरवाई में ठंड से मजदूर की मौत
विदिशा। रविवार को कुरवाई में ठंड की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह बस स्टैंड के समीप खाली प्लाट में एक मजदूर का शव मिला। उसकी पहचान गुड्डू पुत्र बच्चूलाल गोंड (40) ग्राम उमरघोड़ थाना जुन्नारदेव जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। वह शहर में बिछाई जा रही पाइप लाइन के कार्य में लगा हुआ था। पोस्टमार्टम करने वाले अस्पताल के डाक्टर हफीज खान ने बताया कि मृतक का शरीर पूरी तरह अकड़ा हुआ था। उनका कहना था कि अत्यधिक ठंड के कारण मजदूर की मौत हुई है।