नई आबकारी नीति महिलाओं के हित में बड़ा निर्णय

भोपाल/मंगल भारत। राज्य सरकार ने अहाते बंद करने समेत

आबकारी नीति में कई बड़े बदलाव कर महिलाओं के हित में बड़ा निर्णय लिया है। आर्थिक सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और सफल नेतृत्व के रूप में मातृशक्ति को अग्रणी भूमिका में स्थापित करने वाले मध्य प्रदेश में नई आबकारी नीति से नए युग की शुरुआत होगी। यह निर्णय न सिर्फ महिलाओं के जीवन को सहज बनाएगा, बल्कि परिवार की प्रगति को गति देगा। इस तरह के सख्त फैसले सभी की चिंता करने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही ले सकते हैं। यह बात प्रदेश के आवास एवं नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान लोक कल्याण, गरीब उत्थान एवं अंत्योदय के संकल्प के प्रति समर्पित हैं। शांति के टापू मध्य प्रदेश को उन्होंने अपराधियों, डकैतों और माफिया से मुक्त कराया है।
अंत्योदय के संकल्प को संबल योजना से साकार किया है। उन्होंने प्रदेश को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। शराब का नशा तो परिवार को ही उजाड़ कर रख देता है। शराब का सेवन करने वालों से इसका कहीं ज्यादा दुष्परिणाम घर की बहू-बेटियों को झेलना पड़ रहा था। नई आबकारी नीति में सख्त प्रविधान, अहाते और बार बंद करने का निर्णय, नशे में वाहन चलाने पर कठोर सजा के निर्णय शराब का नशा करने वालों को हतोत्साहित करेंगे। इससे भविष्य में शराब के सेवन में भी कमी आएगी। मंत्री ने कहा कि आबकारी राजस्व के घाटे को लेकर किसी दबाव से परे मुख्यमंत्री का यह निर्णय समाज के सभी वर्गों में सराहा जा रहा है। प्रदेश में महिलाओं के हित में लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह योजना, महिला स्वसहायता समूह जैसी कई योजनाएं चल रही हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ यह हुआ कि प्रदेश में जहां पहले एक हजार लड़कों पर 912 बेटियां थीं, अब यह आंकड़ा बढ़कर 978 हो गया है। स्वसहायता समूह से जुड़ी करीब 44 लाख महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। निकाय चुनाव में 50 प्रतिशत तो सरकारी सेवा में 30 प्रतिशत आरक्षण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें दिया है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत जून से हर माह एक हजार रुपये गरीब परिवार की महिलाओं को दिए जाएंगे।
1700 से अधिक धन्यवाद सभा एवं रैली
प्रदेश में नई आबकारी नीति में अहाते और शाप बंद करने के निर्णय पर प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में 1700 से अधिक धन्यवाद सभाएं और रैली निकालकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया गया। इस निर्णय पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने जनता से धन्यवाद सभाएं करने की अपील की थी। वे सागर में आयोजित सभा में शामिल हुए। इसमें महिला, युवा, बच्चे, स्वयंसेवी एवं मद्य निषेध संगठनों के प्रतिनिधि, स्व सहायता समूहों के सदस्य शामिल हुए।