भाजपा विधायक चाहते हैं पूरे बंगाल में बन जाएं संदेशखाली जैसे हालात

भाजपा विधायक चाहते हैं पूरे बंगाल में बन जाएं संदेशखाली जैसे हालात.

विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले गुना के भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने बीते रोज पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं पर हो रहे यौन उत्पीडऩ और अत्याचार को लेकर कहा है कि मैं तो कहता हूं उनको (टीएमसी सरकार) पूरे बंगाल में ऐसा ही करना चाहिए। क्योंकि जब तक वहां हाहाकार नहीं मचेगा, तब तक राष्ट्रपति शासन नहीं लगने वाला है। जिस दिन राष्ट्रपति शासन लग जाएगा, उस दिन उनका भी इंतजाम हो जाएगा। उन्होंने यह बयान संदेशखाली के मुद्दे पर भाजपा द्वारा ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन के दौरान दिया है। वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को सिंघम और झांसी की रानी बनना चाहिए, लेकिन अपन बनते ही नहीं हैं।

अलका लांबा बोलीं- दुष्कर्म के दोषियों को नपुंसक बनाने का कानून बने
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने बीते रोज ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि दुष्कर्म के दोषियों को नपुंसक बनाने का कानून बनना चाहिए। महिला कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून बनाए जाने के लिए महिला न्याय यात्रा भी शुरू करेंगी। अलका ने कहा कि न्यायालय को हम धन्यवाद देते हैं कि, मणिपुर में महिलाओं पर अत्याचार और साक्षी मालिक के मामले में हस्तक्षेप कर पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए बाध्य किया। उन्होंने एक पोस्टर भी जारी किया। इस पोस्टर में महिलाओं से संबंधित अपराध में नामजद आरोपियों के भाजपा के बड़े नेताओं के साथ फोटो हैं।

अब विधायक डोडियार के बाद उनके प्रतिनिधि शिवा पर भी एफआईआर
प्रदेश के एकमात्र निर्दलीय सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार (भारत आदिवासी पार्टी) के खिलाफ एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज हो चुका है। अब उनके प्रतिनिधि शिवा गेहलोत के खिलाफ भी सैलाना में होम्योपैथी क्लीनिक चलाने वाले मिलन बैरागी ने 5 हजार रुपए मांगने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें बताया कि 29 फरवरी को शिवा ने मुझसे 5 हजार रुपए मांगे और कहा कि नहीं देगा तो तेरे खिलाफ झूठे केस बनवा दूंगा। मैंने एक-दो हजार रुपए देने की बात कही लेकिन, शिवा 5 हजार रुपए का इंतजाम कर बताने का कहकर चला गया। मिलन ने शिवा से मोबाइल पर हुई बात की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है।

भाजपा विधायक ने दी कलेक्टर को आत्मदाह करने की धमकी
किसानों और आम लोगों को अनाप-शनाप बिजली बिल देने के मुद्दे पर भाजपा विधायक ने ही अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। नरसिंहगढ़ से विधायक मोहन शर्मा ने बीते रोज कुरावर के पीलूखेड़ी गांव में औद्योगिक इकाई के भूमिपूजन के दौरान मंच पर ही कलेक्टर हर्ष दीक्षित से कहा, इन बिजली बिलों को प्रशासन ने वापस नहीं कराया तो वे 5 मार्च से जिला मुख्यालय पर अनशन पर बैठेंगे। इसके बाद आत्मदाह करेंगे। मोहन शर्मा ने कहा, मैं अभी विधायक हूं और मर्यादित हूं। आम लोगों को और किसानों को बिजली कंपनी परेशान कर रही है। दो-दो साल पुराने बढ़े हुए वोल्टेज के बहाने से 50-50 हजार के बिल उन्हें दिए जा रहे हैं। ऐसी विधायकी किस काम की, जिसमें आम जनता परेशान हो। इस पर कलेक्टर ने कहा, बिजली कंपनी और अन्य मामलों से जुड़ी जो भी शिकायतें मिली हैं, उन पर उचित कदम उठाएंगे।