नागदा में नाली निर्माण की मांग, दुकानदारों और राहगीरों को हो रही परेशानी

नागदा में नाली निर्माण की मांग, दुकानदारों और राहगीरों को हो रही परेशानी.

मंगल भारत| नागदा
नागदा नगर में नाली निर्माण को लेकर स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों ने नगर पालिका परिषद से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद नागदा को 23 जुलाई 2026 को आवेदन सौंपा गया।
आवेदन में बताया गया है कि यज्ञराज धर्मशाला क्षेत्र में दुकानों के सामने पर्याप्त नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदगी और जलभराव की समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाली के अभाव में पानी एवं गंदगी जमा होने से दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है, जिससे आसपास के दुकानदारों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

आवेदन में कहा गया है कि रामदेव मंदिर के समीप नाली आने तथा दुकानों के सामने दोनों ओर नाली निर्माण कराया जाना आवश्यक है। क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियां होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही भी अधिक रहती है। आवेदन में भैरव मंदिर, बाबा रामदासजी सहित धार्मिक आयोजनों और सावन मास के दौरान होने वाली भीड़ का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि ऐसी स्थिति में नाली और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर दोनों तरफ नाली निर्माण की व्यवस्था जल्द कराई जाए, ताकि गंदगी, दुर्गंध और जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।