नामांतरण करवाना हो तो कलेक्टर का बाप बन जाता है पटवारी:सीएम

नामांतरण करवाना हो तो कलेक्टर का बाप बन जाता है पटवारी: सीएम.

पटवारियों की कार्यशैली से इन दिनों मुख्यमंत्री मोहन यादव बेहद नाराज हैं। इस नाराजगी की वजह भी बाजिव है। इसका खुलासा खुद उनके द्वारा बीते रोज एक कार्यक्रम में किया गया। उन्होंने राजगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि किसी कारण से जमीन खरीदना-बेचना हो या नामांतरण करवाना हो तो पटवारी के दे चक्कर, दे चक्कर… पटवारी कलेक्टर का बाप बन जाता है। हाथ नहीं आता। ऐसी की तैसी कलेक्टर की इस व्यवस्था की। हमने संशोधन कर दिया। अब आप जैसे ही जमीन की रजिस्ट्री करवाओगे, साइबर तहसील के माध्यम से नामांतरण अपने आप हो जाएगा। अब हम पटवारी का रोल ही खत्म करने का प्रयास कर रहे हैंं।

सत्ता माध्यम, जनता की सेवा करने का
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि सत्ता केवल एक माध्यम भर है, जनता की सेवा करना ही पार्टी का हमेशा मकसद रहा है। इस बार लोकसभा चुनाव में पार्टी का लक्ष्य 400 पार है, इसके लिए कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर उनके हाथ को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि 500 वर्षों के बाद अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर निर्माण, धारा 370 एवं तीन तलाक जैसे गंभीर एवं पुराने विवादों का निपटारा हमारी मोदी के नेतृव वाली सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री ने सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ हर वर्ग का उत्थान किया है।

राहुल आज से करेंगे प्रदेश में चुनाव प्रचार की शुरुआत
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। वह मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत सिवनी जिले के धनोरा में तथा शहडोल में जनसभा करेंगे। मंडला से कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम और शहडोल से विधायक फुंदेलाल सिंह मार्कों चुनाव लड़ रहे हैं। विस चुनाव में आदिवासी सीटों पर कांग्रेस की स्थिति अन्य सीटों की तुलना में अच्छी रही है। एसटी के लिए आरक्षित 47 सीटों में कांग्रेस 22 सीटों पर जीती थी। ऐसे में लोस चुनाव में भी उम्मीद है।

राजा भैया ने मांगा कांग्रेस और सपा से समर्थन
खजुराहो विधानसभा सीट से सपा की प्रत्याशी मीरा यादव का नामांकन फॉर्म रिजेक्ट होने पर अब अन्य दलों के लोगों की सक्रियता बढ़ गई है। इस क्रम में ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के प्रत्याशी आरबी प्रजापति राजा भैया ने इंडिया गठबंधन के घटक दलों से समर्थन मांगा है। राजा भैया बीते रोज कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से मिले। उन्होंने सपा के नेताओं से भी बात की है। उन्होंने बताया कि वे कांग्रेस, सपा, आम आदमी पार्टी सभी के नेताओं से समर्थन मांग रहे हैं। इसके लिए उनकी पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं ने भी दलों के वरिष्ठ नेताओं से बात की है।