एमपी पुलिस के 22500 पदों पर होगी भर्ती, हर साल भरे जाएंगे 7500 रिक्त पद

पुलिस की सभी भर्तियां पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से होंगी

भोपाल/मंगल भारत। प्रदेश में कानून व्यवस्था और सिंहस्थ-2028 को देखते हुए अगले तीन सालों में पुलिस विभाग में 22,500 पदों पर भर्ती की जाएगी। चालू वित्त वर्ष के लिए पुलिस महकमे में मंजूर पदों की भर्ती मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) करेगा। इसके बाद साल 2026 से ये भर्तियां पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा ही की जाएंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 15 अगस्त को पुलिस पदक प्राप्त अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के सम्मान समारोह में कहा था कि अब पुलिस की सभी भर्तियां पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से होंगी। लगातार तीन साल तक साढ़े सात-साढ़े सात हजार पदों पर भर्ती होगी। उन्होंने कहा था कि इन पदों पर भर्ती होते-होते दो हजार पद रिक्त हो जाएंगे, जिन्हें भी भरा जाएगा। अभी तक पुलिस विभाग में भर्तियां कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होती रही हैं। सीएम यादव की घोषणा के बाद अब पुलिस विभाग के सभी रिक्त पदों की जानकारी सामने आई है और 22,500 रिक्त पाए गए हैं। माना जा रहा है कि 22,500 पदों को तीन सालों में भरने के बाद सिंहस्थ-2028 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए सुदृढ़ पुलिस बल उपलब्ध हो सकेगा।
आधुनिक होगा गृह विभाग- सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव यह भी कह चुके हैं कि गृह विभाग से जुड़ी सभी सेवाओं के आधुनिकीकरण एवं भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए शीघ्र ही गृह एवं वित्त विभाग की संयुक्त बैठक कर सभी लंबित मामलों का समुचित समाधान कर लिया जाएगा।
———-