बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतों की गिनती जारी है. शाम साढ़े चार बजे तक एनडीए को स्पष्ट बढ़त मिलती नज़र आ रही है. भाजपा 93 और जदयू 82 सीटों पर आगे चल रहे हैं.

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. शुक्रवार (14 नवंबर) को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है. इस बार मतदान 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में संपन्न हुआ था. राज्य में 66.91% की रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई, जो 2020 के चुनावों से 9.62% अधिक है.
निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोपहर शाम साढ़े चार बजे तक भाजपा 93, जदयू 82, सीटों और लोजपा 19 सीटों पर आगे चल रही है. महागठबंधन में राजद 27 और कांग्रेस 4 सीटों पर आगे है.
किसके बीच मुख्य मुकाबला
मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के एनडीए गठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व में महागठबंधन के बीच है.
अगर एग्जिट पोल की बात की जाए तो लगभग सभी एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार की वापसी के संकेत मिल रहे हैं. हालांकि महागठबंधन के नेताओं ने एग्जिट पोल को नकारते हुए गठबंधन की सरकार बनने की बात कर रहे हैं.
एनडीए की ओर से जदयू और भाजपा 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ी, चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोजपा (राम विलास) 29 सीटों पर मैदान में उतरी, वहीं जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 6-6 सीट दिए गए थे.
दूसरी ओर महागठबंधन की ओर से राजद ने सर्वाधिक 143 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे. कांग्रेस ने 61 पर अपने उम्मीदवार उतारे. मुकेश साहनी की वीआईपी 15 सीटों पर मैदान में थी, वहीं वाम दलों ने 33 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे.
वहीं, पहली बार चुनावी मैदान में उतरे चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.
किन सीटों पर रहेंगी नज़र
राघोपुर: इस सीट से महागठबंधन से मुख्यमंत्री के उम्मीदवार तेजस्वी यादव चुनाव लड़ रहे हैं. यह सीट 1998 से राजद का गढ़ रही है, हालांकि 2010 में सतीश यादव ने राबड़ी देवी को हराया था. सतीश यादव इस बार इस सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं.
तारापुर: बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी इस सीट से मैदान में हैं. उनका मुकाबला राजद के अरुण कुमार साओ से है. यह सीट पिछले 15 साल से जद(यू) के पास है, जबकि पहले यह कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी.
मोकामा: बाहुबली अनंत सिंह इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. उनका मुकाबला बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी और जन सुराज के पियूष प्रियदर्शी से है.
छपरा: राजद से भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव, भाजपा से छोटी कुमारी, और निर्दलीय पूर्व मेयर रेखी गुप्ता के उतरने से इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है.
महुआ (वैशाली): पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के पुत्र और जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव इस सीट से मैदान में हैं. उनके मुक़ाबले राजद से मौजूदा विधायक मुकेश रौशन, एनडीए (लोजपा) से संजय कुमार सिंह, और जन सुराज से इंद्रजीत प्रधान मैदान में हैं.
दानापुर: भाजपा के राम कृपाल यादव का सीधा मुकाबला राजद के रीतेलाल यादव से है, जो इस बार जेल से चुनाव लड़ रहे हैं.
अलीनगर: इस सीट से भाजपा की उम्मीदवार गायिका मैथिली ठाकुर हैं. उनका मुकाबला राजद के बिनोद मिश्रा है. पिछले चुनाव में मिश्रा महज़ 3,000 वोटों से हारे थे.
2020 चुनावों के नतीजे
साल 2020 के विधानसभा चुनावों में 75 सीटों और 23.11% मत प्रतिशत के साथ राजद सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. इसके बाद भारतीय जनता पार्टी को 74 सीटें और 19.46% वोट मिले थे.
जनता दल (यूनाइटेड) ने 43 सीटें जीतते हुए 15.39% मत हासिल किए थे, जबकि कांग्रेस को 19 सीटें और 9.48% वोट मिले थे.