रामपुर नैकिन विकासखंड के जंगलों में हाथियों को पकड़ने रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, तीसरे दिन भी वन विभाग की टीमें सर्चिंग में जुटीं.

मंगल भारत:सीधी:चुरहट क्षेत्र अंतर्गत रामपुर नैकिन विकासखंड के जंगलों में जंगली हाथियों की मौजूदगी से दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों को पकड़ने एवं सुरक्षित नियंत्रित करने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
वन विभाग के अनुसार हाथियों को क्षेत्र के पटना, भरतपुर, मझिगमा, अमिलाई, शिकारगंज, घुघट और खैरी के जंगलों एवं आसपास के क्षेत्रों में देखा गया है। इन क्षेत्रों में लगातार तीसरे दिन हाथियों की गतिविधियां बनी हुई हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण है.

हाथियों को पकड़ने के लिए वन विभाग की कई टीमें जंगल में लगातार सर्चिंग कर रही हैं। अलग-अलग टोलियां बनाकर कर्मचारी जंगल के भीतर और संभावित मार्गों पर गश्त कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक हाथियों की सटीक लोकेशन का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
वन विभाग के कर्मचारी लगातार हाथियों की तलाश में जुटे हुए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और जंगल की ओर अकेले न जाने की अपील की गई है।
खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था, लेकिन हाथियों को पकड़ने या सुरक्षित क्षेत्र की ओर भेजने संबंधी कोई नई जानकारी सामने नहीं आ सकी थी। वन विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।