मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना: भव्य आयोजन, व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवाल.सीधी.

मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना: भव्य आयोजन, व्यवस्थाओं को लेकर उठे सवाल.

मंगल भारत सीधी:रामपुर नैकिन में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। योजना के तहत अनेक जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के बीच परिणय सूत्र में बंधे और नए जीवन की शुरुआत की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद सीधी श्री राजेश मिश्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सीधी श्रीमती मंजू रामसिंह एवं जनपद अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला साकेत सहित जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रशासनिक अमले की ओर से तहसीलदार रामपुर नैकिन श्री आशीष मिश्रा, नायब तहसीलदार श्री महेंद्र द्विवेदी एवं नगर निरीक्षक श्री सुधांशु तिवारी की उपस्थिति रही।

अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए योजना को समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए लाभकारी बताया।

हालांकि कार्यक्रम के दौरान कुछ व्यवस्थाओं को लेकर असंतोष भी सामने आया। वर-वधु पक्ष के परिजनों का कहना है कि भोजन व्यवस्था संतोषजनक नहीं रही तथा बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियां उपलब्ध नहीं थीं, जिससे कई लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

कुछ हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि विवाह प्रमाण पत्र कार्यक्रम स्थल पर वितरित नहीं किए जा रहे हैं। यदि प्रमाण पत्र जनपद पंचायत से प्राप्त करना पड़ेगा, तो दूर-दराज से आए परिवारों को दोबारा आना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

इसके अतिरिक्त कन्याओं को वितरित की गई साड़ी के साथ पेटीकोट और ब्लाउज न दिए जाने की शिकायत भी सामने आई। परिजनों का कहना है कि सामग्री वितरण पूर्ण रूप से होना चाहिए था।

कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, लेकिन व्यवस्थागत सुधार की आवश्यकता को लेकर चर्चा भी बनी रही।