लाडली बहनों को आज मिलेगी 34वीं किस्त, ग्वालियर में होगा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज ग्वालियर जिले के घाटीगांव स्थित शबरी माता मंदिर में आयोजित लाडली बहना सम्मेलन में बड़ी सौगात देंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे। यह राशि मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 34वीं किस्त के रूप में दी जाएगी। प्रदेश सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में योजना के तहत नवंबर 2025 से मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना जून 2023 में तत्कालीन शिवराज सरकार द्वारा शुरू की गई थी। इस योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जून 2023 से फरवरी 2026 तक योजना की 33 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है।
पैक्स को मजबूत बनाने समिति बनेगी, रिपोर्ट मांगी: सहकारिता मंत्री
प्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और विपणन सहकारी समितियों के सुदृढ़ीकरण के लिए एक विशेष समिति गठित की जाएगी। यह समिति सहकारी संस्थाओं की वर्तमान स्थिति का अध्ययन कर उनके संचालन, संरचना और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव देगी तथा 15 दिन के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। पैक्स की सदस्यता बढ़ाने के लिए अप्रैल माह में प्रदेशभर में वृहद सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। मंत्री सारंग ने खाद वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि डबल लॉक की स्थिति में नगद भुगतान के माध्यम से पैक्स के जरिए खाद वितरण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
विधायक पाठक के पारिवारिक फर्मों से कब रिकवर होंगे 443 करोड़
सीएम डॉ. मोहन यादव के 14 मार्च को प्रस्तावित विजयराघवगढ़ दौरे के पहले सियासत गरमा गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को सीएम को पत्र लिखकर विजयराघवगढ़ के भाजपा विधायक संजय पाठक पर भी कई गंभीर आरोप लगाते हुए जवाब मांगा। पटवारी ने पूछा, विधानसभा में दी जानकारी के अनुसार पाठक की पारिवारिक फर्मों पर करीब 443 करोड़ रुपए की रिकवरी लंबित है। इसकी वसूली केल होगी। कब डिमांड नोटिस जारी होगा? विधायक की 1143 एकड़ भूमि, जो गरीब आदिवासी परिवारों के नाम खरीदी गई बेनामी संपत्ति बताई जा रही है। इस मामले में क्या राज्य सरकार ठोस कार्रवाई करेगी? पटवारी ने कहा- सहारा के निवेशकों के धन से खरीदी गई 309 एकड़ जमीन के मामले में क्या एफआईआर होगी? नगर सुधार न्यास कटनी की योजना क्रमांक 15 की भूमि, जो 311 परिवारों को आवंटित होनी थी, उस पर अवैध कब्जे के आरोप लगे हैं। क्या इस भूमि को पुन: ननि के अधिकार में लाया जाएगा?
पीएचक्यू ने चार साल में 55 हजार गुम बालिकाओं का पता लगाया
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर के समक्ष पुलिस मुख्यालय में दिए गए प्रेजेंटेशन में पुलिस द्वारा महिला अपराधों से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत किए गए। इसमें बताया गया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत मप्र में वर्ष 2021 से 2025 तक यानी चार वर्षों में 55,803 गुम बालिकाओं का पता लगाया गया है। साथ ही नवंबर 2025 में संचालित विशेष मुस्कान अभियान के दौरान 1,906 बालिकाओं को दस्तयाब किया गया। इसके अलावा 13,109 विद्यालयों में 16 लाख से अधिक विद्यार्थियों को जागरूक भी किया गया। प्रजेंटेशन में बताया गया कि महिलाओं के भरण-पोषण से संबंधित न्यायालयीन समन और वारंट की तामील सुनिश्चित करने के लिए संचालित ऑपरेशन हेल्पिंग हैंड अभियान के तहत वर्ष 2025 में 16,703 वारंट की तामील कराई गई। महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के लिए नयन सेंटर के माध्यम से विशेष निगरानी की जा रही है।