थोक महंगाई 2.13 और खुदरा 3.2 फीसदी, महंगाई और बढ़ेगी

थोक महंगाई 2.13 और खुदरा 3.2 फीसदी, महंगाई और बढ़ेगी

फरवरी में थोक महंगाई बढक़र 2.13 फीसदी पर पहुंच गई है। ये महंगाई का 12 महीने का हाई लेवल है। फरवरी 2025 में ये 2.38 फीसदी पर पहुंच गई थी। इससे पहले जनवरी 2026 में थोक महंगाई 1.81 फीसदी पर थी। वहीं दिसंबर में थोक महंगाई 0.83 फीसदी पर थी। उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को थोक महंगाई के आंकड़े जारी किए हैं। वहीं खुदरा महंगाई भी फरवरी में बढक़र 3.2 प्रतिशत हो गई, जो जनवरी में 2.75 प्रतिशत थी। खुदरा महंगाई के ये आंकड़े पिछले सप्ताह जारी किए गए थे। इधर, थोक महंगाई में लगातार चौथे महीने आई तेजी यह संकेत देती है कि बाजार में कीमतों का दबाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। दावा किया जा रहा है कि अगर अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग लंबी चली तो महंगाई और बढ़ जाएगी। इससे पेट्रोल-डीजल महंगा हो सकता है, जिससे माल ढुलाई का खर्च बढ़ेगा और फल-सब्जी समेत हर जरूरी सामान की कीमतें बढ़ जाएंगी। रोजाना की जरूरत वाले सामानों की महंगाई 2.21 फीसदी से बढक़र 3.27 हो गई। खाने-पीने की चीजों की महंगाई माइनस 1.41 फीसदी से बढक़र 1.85 फीसदी हो गई। फ्यूल और पावर की थोक महंगाई दर माइनस 4.01 फीसदी से बढक़र माइनस 3.78 फीसदी हुई।

बाल विवाह को घोषित किया जाए वैश्विक दिवस, संयुक्त राष्ट्र से मांग
दुनियाभर में बाल विवाह की गंभीर समस्या को लेकर भारत से एक अहम आवाज उठी है। बाल अधिकार कार्यकर्ता और विधिवेत्ता भुवन ऋभु ने संयुक्त राष्ट्र से मांग की है कि बाल विवाह के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया जाए। उनका कहना है कि इससे दुनिया भर में इस अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी और सरकारों की जवाबदेही भी तय होगी। यह मांग ऐसे समय सामने आई है जब बाल विवाह आज भी कई देशों में बड़ी सामाजिक चुनौती बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र के कमीशन ऑन द स्टैटस ऑफ वूमन के 70वें सत्र के दौरान आयोजित एक समारोह के दौरान भुवन ऋभु ने कहा कि दुनिया में आज भी हर तीन सेकेंड में एक बाल विवाह हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल सामाजिक समस्या नहीं है बल्कि बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। उनके अनुसार बाल विवाह बच्चों के साथ होने वाले यौन शोषण और हिंसा का एक रूप है, जिसे कई बार परंपरा या संस्कृति के नाम पर छिपा दिया जाता है।

144 नाम, बंगाल में ममता को चुनौती देंगे भाजपा के ‘अधिकारी’
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नाम हैं। पार्टी ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर से टिकट दिया है। ये दोनों सीटें बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की हैं। भाजपा ने डायमंड हार्बर से दीपक कुमार हालदार को टिकट दिया है। यह इलाका ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर में आता है। भाजपा ने बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को खडग़पुर सदर से टिकट दिया है। भाजपा ने बंगाल से पहले केरल में भी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। 140 में से 47 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने राज्य के भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से मैदान में उतारा है।

नवरात्र पर वैष्णो देवी यात्रा के लिए बिना आरएफआईडी कार्ड नहीं मिलेगी एंट्री
आगामी 19 मार्च से शुरू होने जा रहे चैत्र नवरात्र के दौरान वैष्णो देवी आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कमर कस ली है। उपराज्यपाल के निर्देशों के बाद सीईओ सचिन कुमार वैश्य की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन की समीक्षा की गई। सोमवार को बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा मार्ग पर आरएफआईडी कार्ड प्रणाली का सख्ती से पालन किया जाएगा। केवल वैध कार्ड धारकों को ही भवन की ओर जाने की अनुमति मिलेगी। प्रमुख चौकियों पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। रियासी पुलिस, सीआरपीएफ और सेना के समन्वय से मजबूत सुरक्षा ग्रिड तैयार किया गया है, जिसमें त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) भी शामिल होगा। इस बार तीर्थस्थल की सजावट में प्राकृतिक सामग्रियों के उपयोग पर जोर दिया गया है ताकि आग के खतरे को कम किया जा सके। अग्निशमन विभाग को पूरे ट्रैक का फायर ऑडिट करने और रणनीतिक स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक भीड़ होने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।