रामपुर नैकिन में फेसबुक पोस्ट को लेकर FIR, निष्पक्ष जांच की उठी मांग.

मंगल भारत :रामपुर नैकिन :(सीधी)। थाना रामपुर नैकिन क्षेत्र में फेसबुक पोस्ट को लेकर दर्ज हुई FIR ने एक बार फिर प्रशासनिक कार्यवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 अप्रैल 2026 को फरियादी रामकुमार साहू द्वारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि बस स्टैंड रामपुर नैकिन क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से भड़काऊ एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला संदेश प्रसारित किया गया।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसी दिन शाम 5:20 बजे अपराध क्रमांक 329/26 के तहत शत्रुघ्न पांडे, मनोज द्विवेदी, तेज बहादुर सिंह एवं हरि मिश्रा के विरुद्ध धारा 352 एवं 353(1)(B) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल गर्म है। कई लोगों का कहना है कि बिना गहन जांच के इस प्रकार तत्काल FIR दर्ज करना न्याय प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। उनका मानना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता, संदर्भ और प्रभाव का पहले परीक्षण किया जाना चाहिए था।
वहीं, कुछ जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी निर्दोष को अनावश्यक परेशान न होना पड़े।
विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े मामलों में सावधानीपूर्वक जांच आवश्यक होती है, जिससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कानून व्यवस्था के बीच संतुलन बना रहे।