नागदा में गूंजा “नारी शक्ति” का संदेश, भव्य सम्मेलन में महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर.

नागदा (नि.प्र.)। नगर पालिका परिषद नागदा द्वारा सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को स्थानीय डे-केयर सेंटर में “नारी शक्ति वंदन” सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना तथा उन्हें समाज के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
सम्मेलन का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान एवं नपाध्यक्ष श्रीमती संतोष ओ.पी. गेहलोत की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधि-विधान से की गई। इसके पश्चात अतिथियों का सांसद एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि ओ.पी. गेहलोत द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने नारी शक्ति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं समाज में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ देश की महिलाओं तक पहुंच रहा है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थितजनों ने उत्साह एवं गंभीरता के साथ सुना। संबोधन में महिलाओं की भूमिका, आत्मनिर्भरता तथा सशक्त भारत के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
सम्मेलन के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित अधिकारियों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में उत्साह, सम्मान एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष सुभाषचंद शर्मा, सभापति बबीता रघुवंशी, भावना रावल, रामकुंवर सिसोदिया, पार्षद बिट्टू यादव, महामंत्री दौलतराम प्रजापत, युवा मोर्चा महामंत्री भवानी देवड़ा, ओ.पी. जी चौहान, पूर्व पार्षद नरेंद्र जी कोठारी, छोटेलाल जी मल्लाह, श्रीराम जी शर्मा , सुभाष जी रावल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
इस आयोजन को “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पदयात्रा, मिशन शक्ति, व्याख्यान एवं सभाओं जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में एक रैली भी निकली गई जिसको विधायक जी ने हरी झंडी देकर रवाना किया ।
नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित यह सम्मेलन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति ही समाज और राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है।