भोपाल तलब किए गए रेखा यादव, वीरेंद्र गोयल और पवन पाटीदार, जा सकती है कुर्सी
भोपाल/मंगल भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल/डीजल बचाने की अपील को नजरअंदाज कर वाहनों का बड़ा काफिला और स्वागत रैली निकालने के मामले में भाजपा नेताओं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव, सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल और भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष पवन पाटीदार को भी 17 मई को भोपाल तलब किया गया है। सत्ता-संगठन इन लोगों से जवाब मांगेगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन लोगों की कुर्सी भी खतरे में पड़ सकती है।
वाहन रैलियों और शक्ति प्रदर्शन का ब्यौरा
भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने ग्वालियर में एक बड़ी वाहन रैली का आयोजन किया था, जिसमें वे स्वयं थार एसयूवी में सवार होकर समर्थकों के काफिले के साथ चलते दिखे। रेखा यादव, अध्यक्ष, मध्य प्रदेश महिला आयोग ने छतरपुर में लग्जरी गाडिय़ों का एक विशाल काफिला निकाला। इस वजह से भाजपा कार्यालय के सामने सडक़ पर लंबी कतार लग गई और आम जनता को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। सिंगरौली विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल 14 मई को स्वयं तो सादगी दिखाने के लिए ई-रिक्शा में बैठे, लेकिन उनके पीछे उनके समर्थकों की गाडिय़ों का काफिला चल रहा था।
अनुशासनहीनता पर सख्त रुख और पूर्व की कार्रवाइयां
संगठन की गाइडलाइन और शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों की धज्जियां उड़ाने के कारण इन नेताओं को भी अनुशासनहीनता और प्रदर्शन को लेकर जवाब मांगा गया है। इससे पहले कार्यभार ग्रहण करने के लिए सोमवार को राजधानी आए दर्जा मंत्री सौभाग्य सिंह को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अजातशत्रु ने कारण बताओ नोटिस जारी कर सारे प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं, भाजपा किसान मोर्चा के भिंड जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को भी पद से हटा दिया गया है।