भूमि बंटवारे में देरी से बढ़ा विवाद, पटवारी पर एक लाख रुपये मांगने का आरोप.
रामपुर नैकिन। तहसील क्षेत्र के ग्राम खड़ड़ी खुर्द निवासी रीना साहू द्वारा कृषि भूमि के बंटवारे एवं पृथक खाता बनाए जाने के लिए प्रस्तुत आवेदन अब विवादों में घिर गया है। आवेदिका और उनके परिजनों ने राजस्व विभाग के एक कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाता क्रमांक 2247/1/1/8 की कुल भूमि 3.1170 हेक्टेयर है, जिसमें आवेदिका का हिस्सा दर्ज है। आवेदिका का कहना है कि भूमि बंटवारे की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है, जिसके कारण उन्हें लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
आवेदिका एवं परिजनों का आरोप है कि संबंधित हल्का पटवारी बृजेश प्रजापति द्वारा नक्शे में दर्ज लकीर (सीमांकन संबंधी प्रविष्टि) हटाने और बंटवारे की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की गई। आरोप है कि मांग पूरी नहीं किए जाने पर बंटवारे की कार्रवाई को जानबूझकर रोक दिया गया और फाइल को लंबित रखा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व विभाग के सामान्य कार्यों में भी अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे आम लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव और दबाव के कारण कई मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो रही है।
यदि आवेदिका द्वारा लगाए गए आरोप सत्य पाए जाते हैं तो यह मामला राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है। ग्रामीणों ने एसडीएम, तहसीलदार एवं वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा भूमि बंटवारे की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है।
नोट : एक लाख रुपये की मांग तथा कार्य रोकने संबंधी आरोप आवेदिका एवं उनके परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। संबंधित पटवारी एवं राजस्व अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।