राज्यसभा चुनाव: भाजपा-कांग्रेस में उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज
मप्र से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है.

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित है। तीन सीटों में से दो पर भाजपा और एक पर कांग्रेस का कब्जा है। भाजपा की दो सीटों के लिए कई नेता दावेदार हैं। पार्टी किस दो नेताओं को उम्मीदवार बनाएगी इस पर मंथन चल रहा है। वहीं कांग्रेस में भी एक सीट के लिए कई दावेदार हैं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सबसे मजबूत दावेदार बताए जा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि दोनों पार्टियां एक-दो दिन में उम्मीदवारों के नाम तय कर सकती हैं।
जानकारी के अनुसार भाजपा में उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन अंतिम चरण में पहुंच गया है। सूत्रों के अनुसार पार्टी एक-दो दिन में अपनी दो सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी के शीर्ष स्तर पर लगातार बैठकें और परामर्श जारी हैं। हेमंत खंडेलवालन पहले ही दिल्ली जाकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा कर चुके हैं। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दिल्ली दौरे पर हैं। राजनीतिक हलकों में इस दौरे को राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा का प्रदेश नेतृत्व राज्यसभा चुनाव के लिए करीब 15 नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेज चुका है। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा हो चुकी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के बाद उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय हो सकता है।
भाजपा की ओर से प्रमुख दावेदार
भाजपा की ओर से राज्यसभा के संभावित उम्मीदवारों में अरविंद भदौरिया, नरोत्तम मिश्रा और प्रदेश उपाध्यक्ष कांतिदेव सिंह के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश के पूर्व संगठन महामंत्री अरविंद मेनन का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। वहीं एक सीट पर केंद्र सरकार में राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को पुन: राज्यसभा भेजे जाने की भी चर्चा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी किसी सवर्ण चेहरे को प्राथमिकता देती है, तो इन नामों में से किसी एक पर सहमति बन सकती है। राज्यसभा की तीसरी सीट पर कांग्रेस का दावा माना जा रहा है, लेकिन भाजपा इस सीट को लेकर भी रणनीतिक रूप से सक्रिय है। पार्टी के भीतर यह चर्चा है कि यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो तीसरी सीट पर भी जीत की संभावनाएं तलाशने का प्रयास किया जा सकता है। इसी कारण इस बार मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की राजनीतिक फील्डिंग काफी मजबूत मानी जा रही है।
कांग्रेस कल तय करेगी उम्मीदवार
कांग्रेस की सीट के लिए उम्मीदवार चयन को लेकर नई दिल्ली में पार्टी नेतृत्व स्तर पर मंथन जारी है। सूत्रों के अनुसार एआईसीसी ने 5 जून को नई दिल्ली में बैठक बुलाई है। बैठक में मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों की राज्यसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि इसी दिन प्रत्याशियों की घोषणा भी कर दी जाए। प्रदेश में कांग्रेस विधायकों की सीमित संख्या को देखते हुए पार्टी उम्मीदवार चयन में विशेष सावधानी बरत रही है। पार्टी ऐसा चेहरा मैदान में उतारना चाहती है, जिस पर संगठन और विधायक दल में व्यापक सहमति हो सके। इस संदर्भ में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का नाम सबसे प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि यदि उन्हें उम्मीदवार बनाया जाता है तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों का समर्थन सहज रूप से उनके पक्ष में एकजुट हो सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि कमलनाथ ने अपने पुत्र एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ के नाम की भी पैरवी की है। पार्टी नेतृत्व नकुलनाथ के नाम पर भी विचार कर रहा है। वहीं मौजूदा राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के बारे में चर्चा है कि उन्होंने तीसरी बार राज्यसभा जाने में रुचि नहीं दिखाई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भले ही सार्वजनिक रूप से खुद को राज्यसभा की दौड़ से अलग बता चुके हों, लेकिन पार्टी स्तर पर उनके नाम पर भी विचार किया जा रहा है। अन्य पिछड़ा वर्ग से आने वाले पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद एवं तेलंगाना कांग्रेस की प्रभारी मीनाक्षी नटराजन का नाम भी चर्चा में है। पार्टी के भीतर उन्हें राहुल गांधी के करीबी नेताओं में माना जाता है। सामाजिक और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कमलेश्वर पटेल तथा पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा के नामों पर भी विचार किया जा रहा है।
18 जून को मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तिथि है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। मध्य प्रदेश से भाजपा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी और जॉर्ज कुरियन तथा कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इसी कारण इन सीटों के लिए नए प्रतिनिधियों का चुनाव कराया जा रहा है।