28 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

भोपाल/मंगल भारत। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। बुधवार को भोपाल, रतलाम, इंदौर और शाजापुर जिले के शुजालपुर सहित कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला। शुजालपुर में करीब आधे घंटे हुई बारिश से कई सडक़ों पर पानी भर गया, जबकि इंदौर के विजय नगर और एलआईजी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के 3 जिले रतलाम, छिंदवाड़ा-बालाघाट में हीट वेव का अलर्ट है।
मानसून की रफ्तार धीमी, सामान्य तारीख निकल चुकी: मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है। पिछले वर्षों में 2021 में मानसून सबसे जल्दी 9 जून को पहुंचा था, जबकि 2018 में सबसे देर से 25 जून को प्रवेश हुआ था। वर्ष 2025 में मानसून 16 जून को मध्य प्रदेश पहुंचा था और पूरे सीजन में सामान्य से अधिक वर्षा हुई थी। इस वर्ष मानसून की प्रगति धीमी बनी हुई है और इसके लगभग एक सप्ताह देरी से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। यही वजह है कि जून महीने की बारिश का आंकड़ा अभी काफी पीछे चल रहा है। 1 जून से 16 जून के बीच मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। जहां इस अवधि तक औसतन करीब डेढ़ इंच बारिश होनी चाहिए थी, वहां वास्तविक वर्षा इससे काफी कम रही है। पूर्वी मध्य प्रदेश की स्थिति अधिक चिंताजनक है, जहां सामान्य का आधा पानी भी नहीं बरस पाया है।