जन कल्याण शिविर में साक्षरता अभियान को मिला बढ़ावा, आशा अक्षरों के पंजीयन हेतु किया गया आह्वान.सीधी.

जन कल्याण शिविर में साक्षरता अभियान को मिला बढ़ावा, आशा अक्षरों के पंजीयन हेतु किया गया आह्वान.

मंगल भारत :चुरहट/रामपुर नैकिन। शासन द्वारा जनहित में आयोजित जन कल्याण शिविर का आयोजन विकासखंड रामपुर नैकिन अंतर्गत चुरहट सामुदायिक भवन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीधी-सिंगरौली संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष मोनिका गुप्ता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष के.के. तिवारी ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव तिवारी द्वारा किया गया। उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लाभार्थियों को प्रदान किए जा रहे लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बीते दो माह के दौरान विकासखंड क्षेत्र से विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 1600 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है। शिविर में पात्र हितग्राहियों को लाभार्थी प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। इनमें किसान कार्ड, राशन पात्रता पर्ची, पेंशन, निराश्रित सहायता, दिव्यांगजन सहायता, स्वास्थ्य एवं कृषि संबंधी योजनाओं के लाभ शामिल रहे।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने भारत सरकार की महत्वपूर्ण साक्षरता योजना “नवभारत साक्षरता कार्यक्रम (उल्लास)” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश की प्रगति एवं शिक्षा स्तर में वृद्धि के लिए 15 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक निरक्षर व्यक्ति को साक्षर बनाना आवश्यक है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई।

दयाशंकर द्विवेदी ने विशेष रूप से विकासखंड की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अक्षर साथी बनने तथा NILP ऐप में आशा अक्षरों का पंजीयन कर उन्हें साक्षर बनाने के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही साक्षर भारत का सपना साकार हो सकेगा।

मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को जनहितकारी बताते हुए सभी से इसके सफल क्रियान्वयन में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही जनकल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य है। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजीव तिवारी ने समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साक्षरता अभियान में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी देवेंद्र त्रिपाठी, नगर परिषद उपाध्यक्ष अजय पांडे, तहसीलदार रजनीश शुक्ला, नगर परिषद अधिकारी हंसराज सिंह सहित चुरहट, रामपुर नैकिन एवं विकासखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षक दयाशंकर द्विवेदी द्वारा उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ-साथ साक्षरता, जन-जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।