राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच पहली बार सीएम योगी

आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। इसके बाद योगी ने 245 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं संबोधन के दौरान कहा- विपक्ष के लोग राम का नारा लगाने पर गोली चलवाते थे। इनके दोगले चरित्र को तो देखिए। राम मंदिर बन न पाए, इसके लिए कांग्रेस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। सुप्रीम कोर्ट में बेशर्मी के साथ कहा था कि राम तो हुए ही नहीं। वही कांग्रेस आज अयोध्या पर बहुत मचल रही। योगी ने जनसभा में कहा-सपा के दोहरे चरित्र को देखो, कहती है कि राम भक्तों का अपमान हुआ है। कारसेवकों और रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले लोग उपदेश दे रहे हैं। हमने ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच बैठाई। एसआईटी दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेगी। मैं सभी से कहूंगा कि कोई भी अनर्गल टिप्पणी न करें, जो रामभक्तों को आहत करे। सीएम योगी ने कहा- अगर किसी के पास कोई प्रमाण है तो उसे एसआईटी को दे दें।