प्रधानमंत्री सड़क बनी मुसीबत का सबब, बड़खरा से अमरपुर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान.सीधी.

प्रधानमंत्री सड़क बनी मुसीबत का सबब, बड़खरा से अमरपुर मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान

मंगल भारत/रामपुर नैकिन/चुरहट। विकासखंड रामपुर नैकिन अंतर्गत
ग्राम बड़खरा 734 से अमरपुर तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क इन दिनों अपनी बदहाली के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है। सड़क की जर्जर स्थिति से क्षेत्र के हजारों ग्रामीण प्रभावित हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी मरीजों, गर्भवती महिलाओं, विद्यार्थियों एवं दैनिक यात्रियों को उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों के अनुसार रेलवे परियोजना में लगी भारी-भरकम एवं ओवरलोड गाड़ियों के लगातार आवागमन से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और सड़क उखड़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार अनशन, आंदोलन और ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि यदि किसी गर्भवती महिला को प्रसव के लिए या किसी गंभीर मरीज को उपचार हेतु चुरहट अस्पताल ले जाना पड़े तो समय पर अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो सकता है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे एंबुलेंस तक को आने-जाने में परेशानी होती है।

ग्राम पंचायत बड़खरा 740 की सरपंच स्नेहलता अजय सिंह ने बताया कि रेलवे विभाग की बड़ी-बड़ी गाड़ियों के कारण सड़क पूरी तरह टूट गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क सुधार कार्य आधा-अधूरा किया गया है, जिसके कारण समस्या और बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि जब अभी से सड़क की यह स्थिति है तो बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाएंगे। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और कीचड़ के कारण यह मार्ग सड़क कम और धान की रोपाई वाले खेत जैसा अधिक दिखाई देगा। लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही बड़खरा से अमरपुर तक का मार्ग आवागमन के लिए लगभग अनुपयोगी हो सकता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, रेलवे विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने, अधूरे कार्यों को पूर्ण कराने तथा भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है।बयान — स्नेहलता अजय सिंह, सरपंच, ग्राम पंचायत बड़खरा 740

“रेलवे विभाग की भारी-भरकम गाड़ियों के लगातार आवागमन से प्रधानमंत्री सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क सुधार का कार्य भी आधा-अधूरा किया गया है। कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। क्षेत्र की जनता को राहत देने के लिए प्रशासन और रेलवे विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।”

बयान — ग्रामीणजन

“सड़क की हालत इतनी खराब है कि यदि किसी गर्भवती महिला को डिलीवरी के लिए या किसी गंभीर मरीज को अस्पताल ले जाना पड़े तो समय पर अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। बरसात में स्थिति और भी भयावह हो जाएगी। यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।” — ग्रामीण, बड़खरा एवं अमरपुर क्षेत्र