घर की बाड़ी में उग रही थी गांजे की खेती, पुलिस के छापे में 91 पौधे जब्त.सीधी.

दो आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मंगल भारत/सीधी/चुरहट। जिले के चुरहट थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रामनगर वार्ड क्रमांक-11 में एक घर की बाड़ी में संचालित गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 91 गांजा के हरे पौधे जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर निवासी श्यामकली कचेर अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी में अवैध रूप से गांजा की खेती कर रही है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक आशा सिलावट एवं सहायक उपनिरीक्षक सुनील पाठक ने पुलिस बल और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में छापामार कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान बाड़ी से 91 गांजा के पौधे बरामद हुए। पौधों की गिनती और तौल करने पर उनका कुल वजन 16 किलो 934 ग्राम पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 20,320 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्यामकली कचेर (56) निवासी रामनगर तथा दिलीप कचेर उर्फ संतोष (44) निवासी मऊ, जिला रीवा, हाल निवासी रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने मिलकर गांजे की खेती करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जब्त मादक पदार्थ को नियमानुसार सीलबंद कर मालखाने में जमा कराया गया है तथा आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी श्रीमती रीता त्रिपाठी के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक आशा सिलावट, सहायक उपनिरीक्षक सुनील पाठक, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा एवं आरक्षक आनंद सिंह की टीम द्वारा की गई।