मंडी डाकघर परिसर में जनसमस्या निवारण संस्थान ने किया पौधारोपण

नागदा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनसमस्या निवारण संस्थान, नागदा जिला उज्जैन के तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम थाना चौराहा स्थित शिव मंदिर के सामने मंडी डाकघर परिसर के गार्डन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंडी डाकघर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार, फूलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। इनमें आम, जामफल, जामुन, सीताफल, तुलसी, मोगरा, गेंदा, चमेली, गुलाब, मिर्ची और टमाटर सहित अन्य पौधे शामिल रहे। संस्थान के सदस्यों एवं डाकघर के कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मंडी डाकघर के एसपीएम श्री घनश्याम चंदन, डाक सहायक राहुल पाटीदार, डाक सहायक अर्जुन परमार, ब्रांच पोस्टमास्टर प्राची, पोस्टमैन कमल चौहान, डाकिया अंतिम मुहूर्त, डाकिया जीतेन्द्र शर्मा, एमटीएस लोकेश देरबार एवं योगिता पाटीदार सहित डाकघर का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
इस दौरान जनसमस्या निवारण संस्थान के उज्जैन जिला अध्यक्ष शशिकांत शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर पौधे लगाएं और कॉलोनी, मोहल्ले, वार्ड तथा नगर में अधिक से अधिक पौधारोपण करें।
उन्होंने कहा कि सरकारी एवं निजी संस्थानों, नगर पालिका, स्कूल-कॉलेज, बैंक, कार्यालयों, गार्डन तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधारोपण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। शादी समारोह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में भी पौधे लगाने की परंपरा शुरू की जा सकती है।
शशिकांत शर्मा ने बताया कि पेड़-पौधे पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ गर्मी के प्रभाव को कम करने, वर्षा चक्र को बेहतर बनाए रखने, फल एवं छाया उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में जनसमस्या निवारण संस्थान की ओर से मंडी डाकघर के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।