युवा दिवस पर जिले भर में किया गया सूर्य नमस्कार

सबसे पहले आपके पास आपके साथ

मंगल भारत डिंडौरी –स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं, स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों तथा आश्रम शालाओं में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकों, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों ने सूर्य नमस्कार किया। जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट स्कूल में सूर्य नमस्कार में कलेक्टर अमित तोमर, डिप्टी कलेक्टर अनिल सोनी, संचालक मत्स्य श्री सैयाम, जिला शिक्षा अधिकारी केके पटेल, बीआरसी राजेश परस्ते, जिला खेल व युवा कल्याण अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकों व गणमान्य नागरिकों ने सूर्य नमस्कार किया। आकाशवाणी द्वारा प्रसारित कार्यक्रम के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार की सभी मुद्राएं और प्राणायाम भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत वंदेमातरम और मध्यप्रदेश गान का गायन हुआ।

 

स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर सरस्वती स्कूल डिंडौरी में सुबह 10 बजे सूर्य नमस्कार किया गया इसके बाद स्कूल से विवेकानंद चौक तक विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत गाते हुए, विवेकानंद जी का जयकारा लगाते हुए रैली निकाली। स्कूल पहुंचने के बाद विद्यार्थियों को खीर का वितरण किया गया। प्राचार्य रूमोद चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि युवाओ के प्रति विवेकानंद जी आज भी अपनी अहम भूमिका निभाते हैं।

 

विकासखंड करंजिया की ग्राम पंचायत झनकी स्थित हाईस्कूल मैदान में युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार किया गया। सूर्य नमस्कार में मिडिल और हाई स्कूल के विद्यार्थियों समेत शिक्षक व गणमान्य नागरिक शामिल रहे। इस दौरान रेडियो के माध्यम से सीधा प्रसारण भी सुनाया गया। वंदे मातरम के साथ मप्र गायन का गान किया गया और मुख्यमंत्री का संदेश भी सुनवाया गया। इस दौरान हाईस्कूल प्राचार्य अमान सिंह मरावी ने स्वामी विवेकानंद के जीवन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में शिक्षक सुशीन नागेश्वर, सरपंच, उपसरपंच, गणमान्य नागरिक व विद्यार्थी मौजूद रहे।

विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत रयपुरा स्थित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल में शुक्रवार को सूर्य नमस्कार किया गया। कार्यक्रम में भारत माता व स्वामी विवेकानंद जी की झांकी का प्रदर्शन किया गया। सूर्य नमस्कार के बाद छात्र धनेश द्वारा भाषण दिया गया। संस्था के वरिष्ठ अध्यापक एमएस ठाकुर द्वारा सूर्य नमस्कार, व्यायाम व योग के फायदे बताए गए। संस्था प्राचार्य एके जैन द्वारा स्वामी विवेकानंद के चरित्र पर छात्रों को प्रेरणा दी गई।