शांत हुई स्वर सरस्वती… लता के निधन के बाद शोक में डूबा देश

मंगल भारत। ‘भारत रत्न’ स्वर कोकिला लता मंगेशकर

अब हमारे बीच में नहीं रहीं। 92 साल की उम्र में लता मंगेशकर ने रविवार (6 फरवरी, 2022) को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। कोरोना वायरस से पीड़ित होने के बाद लता मंगेशकर को 8 जनवरी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, तभी से वह वहां थीं। लेकिन ये लंबा संघर्ष 6 फरवरी को खत्म हुआ और लता मंगेशकर ने इस दुनिया से विदाई ली। लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार आज (रविवार) को ही किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पेडर रोड स्थित उनके घर पर पार्थिव शरीर को रखा जाएगा, जहां लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद शाम 4।30 बजे लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर मुंबई के शिवाजी पार्क में ले जाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी और संस्कार किया जाएगा। सरकार द्वारा ऐलान किया गया है कि लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
5 साल की उम्र में शुरू किया सफर 7 दशक तक चला
लता मंगेशकर का म्यूजिक इंडस्ट्री में योगदान अतुलनीय था। जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। 78 साल के करियर में लता मंगेशकर ने 30 हजार से ज्यादा गाने गाए। लता को कई सारे पुरस्कारों से नवाजा गया था। वे तीन बार नेशनल अवॉर्ड विनर रही थीं। इसके अलावा दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड और भारत रत्न से भी उन्हें नवाजा गया था। आपको बता दें कि लता मंगेशकर ने 5 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया था। जिस उम्र में बच्चे खेलते-पढ़ते हैं तब लता मंगेशकर ने घर की जिम्मेदारी संभाली थी। अपने भाई-बहनों के बेहतर भविष्य के लिए कभी शादी नहीं की थी। लता मंगेशकर चाहे ये दुनिया छोड़कर चली गई हैं। लेकिन अपने सदाबहार गानों की विरासत फैंस के लिए छोड़ गई हैं। लता दीदी के इन गानों ने उन्हें इस दुनिया में अमर कर दिया है।
कोविड होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुई थीं लता दीदी  
स्वर कोकिला लता मंगेशकर पिछले करीब एक महीने से काफी बीमार चल रही थीं। इसी साल 8 जनवरी को कोरोना संक्रमित होने के बाद लता मंगेशकर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लता को कोरोना के साथ निमोनिया भी हुआ था। लता दीदी की उम्र को देखते हुए डॉक्टर्स ने उन्हें कउव में एडमिट किया था। तब से वह लगातार संघर्ष ही कर रही थीं। जानकारी के मुताबिक, इलाज के दौरान बस 2 दिन के लिए उन्हें वेंटिलेटर से हटाया गया था।