भोपाल/मंगल भारत।मनीष द्विवेदी। मध्यप्रदेश में गुंडे, बदमाशों
के अवैध निर्माण तोड़ने का अभियान ऐसा चला कि बुलडोजर की मांग बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार प्रदेश में पांच साल में 17 जिलों में 212 बुलडोजर खरीदे गए हैं। इनमें 176 अकेले भोपाल में खरीदे गए हैं। दरअसल, हर शहर में गुंडों के अतिक्रमण ध्वस्त किए जा रहे हैं। नतीजा ये है कि बुलडोजर सहित जेसीबी की डिमांड अचानक आसमान छूने लगी है। अब तो जेसीबी, डंपर, ब्रेकर जिसे जो मिल रहा है वो लेकर ही उतर पड़ा है। बुलडोजर की मदद से दो साल में 15,397 एकड़ जमीन छुड़ाई गई है। वहीं दो साल में कुल 12640 अवैध निर्माण ढहाए गए हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के बाद भोपाल ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में भूमाफिया, गुंडे बदमाशों और गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों के अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं। उनकी अवैध संपत्ति जमींदोज की जा रही हैं। डिमांड इतनी ज्यादा है कि हर जगह बुलडोजर कम पड़ गए हैं। खासतौर से खरगोन दंगे के बाद यह देशभर में चर्चा का विषय है। इस बीच प्रदेश में रजिस्टर्ड बुलडोजर की संख्या जानी तो पता चला कि बीते 5 साल में प्रदेश के 17 जिलों में 212 बुलडोजर बिके हैं, इनमें से सबसे ज्यादा 176 बुलडोजर अकेले भोपाल में ही बिके हैं। इन पांच साल में भी 2020 में सबसे ज्यादा 57 बुलडोजर बिके हैं, इनमें से 54 भोपाल में और धार, गुना व सतना में 1-1 बुलडोजर बिके हैं।
5 साल में बढ़ी हैं मांग
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2017 तक इनकी बिक्री बेहद कम थी। इस साल कुल 8 बुलडोजर बिके थे, लेकिन इसके बाद 2018 में 28, 2019 में 41, 2020 में 57, 2021 में 46 और 2022 में अब तक 35 बुलडोजर बिके हैं। इनका रेत खनन, सड़क निर्माण, नाली निर्माण, तालाब खुदाई, कोयला का काम के साथ अब खेतों में पाल उठाने, फसल का ढेर लगाने में भी इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार ने बीते 2 साल में बुलडोजर के जरिये गुंडों और भूमाफिया से 15 हजार एकड़ जमीन मुक्त कराई है। इसकी कीमत 12 हजार करोड़ है। खरगोन दंगों के बाद 45 मकान-दुकानें ध्वस्त कर दीं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार एमपी में यूपी से 6 गुना ज्यादा प्रॉपर्टी गुंडों से छुड़ाई है।
सबसे अधिक भोपाल में 176 बुलडोजर खरीदे गए
प्रदेश में सबसे अधिक बुलडोजर भोपाल में खरीदे गए हैं। भोपाल में पांच साल के दौरान 176 बुलडोजर खरीदे गए हैं। भोपाल में सबसे अधिक बुलडोजर इसलिए दिखाई दे रहे हैं कि आसपास के जिलों वाले लोग इन्हें यहीं से खरीदते हैं और इस्तेमाल दूसरे जिलों में करते हैं। जानकारी के अनुसार बुलडोजर की कीमत के साथ 70 प्रतिशत कमाई भी बढ़ी है।