लंबे समय बाद सीएम के साथ मंच साझा करती दिखेंगी उमा

लंबे समय बाद सीएम के साथ मंच साझा करती दिखेंगी उमा शिवराज सिंह चौहान.

नशा मुक्ति अभियान की होगी शुरुआत
भोपाल/मंगल भारत। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत करेंगे। इसकी शुरुआत लाल परेड मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में होगी। इस मौके पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री प्रेम सिंह पटेल, पतंजलि योगपीठ एवं आयुर्वेद के संस्थापक स्वामी रामदेव, श्री रामचंद्र मिशन के अध्यक्ष कमलेश पटेल दाजी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय (गायत्री परिवार) के कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या और आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। नशा मुक्ति अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। खास बात यह है कि लंबे समय बाद यह मौका आया है ,जब शिवराज के साथ उमा भारती एक साथ मंच साझा करती नजर आएंगीं। दरअसल प्रदेश में बीते एक साल से उमा भारती ने शराबबंदी की मांग करते हुए मोर्चा खोल रखा है।
सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग द्वारा आयोजित अभियान में नशे के विरुद्ध पूरे समाज को जागरूक करने और विशेष रूप से युवा वर्ग को नशीले पदार्थों की बुराई से अवगत कराने के लिए प्रदेश के प्रत्येक नगर और बुराई से ग्राम में सभाएं तथा शपथ ग्रहण कार्यक्रम होंगे। इस दौरान नशामुक्त हो चुके लोगों के अनुभव साझा करने के साथ नशे की ओर आकर्षित हो रहे व्यक्ति के शुरुआती लक्षणों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में नशा मुक्ति शिविर लगाए जाएंगे तथा नशामुक्ति हेल्पलाइन 14 हजार 446 द्वारा प्रदाय की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए धर्म गुरुओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, संभ्रांत नागरिकों और अलग-अलग क्षेत्रों के आईकॉन का सहयोग लिया जाएगा। अभियान के तहत स्कूल और कॉलेज में कार्यक्रमों के साथ वातावरण निर्माण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।