सज्जन सिंह वर्मा ने विधानसभा में उठाया बेरोजगारों का मामला.
भोपाल/मंगल भारत।मनीष द्विवेदी। प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार से प्रदेश के सरकारी महकमों में रिक्त पदों के का मामला उठाया। उन्होंने अपने प्रश्न में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पूछा कि प्रदेश में विभिन्न विभागों में कितने कितने पद रिक्त हैं? तथा इन रिक्त पदों पर सरकार नियुक्तियां किस माध्यम से करने जा रही है। श्री वर्मा ने यह भी सवाल किया कि इन रिक्त पदों में किन -किन विभागों के पदों पर भर्तियां चल रही हैं और किन विभागों में भर्तियां की जाना है। उत्तर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में लगभग एक लाख चौदह हजार पद रिक्त है।
वर्मा ने मुख्यमंत्री के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभाग कर्मचारियों के अभाव में अच्छे से कार्य नहीं कर पा रहे हैं पुलिस विभाग में चौदह हजार से अधिक पद खाली हैं, प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा रही है क्यों सरकार इन पदों पर नियुक्ति नहीं कर रही? साथ ही स्कूली शिक्षा विभाग में तीस हजार से अधिक पद खाली है प्रदेश के भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षकों का होना अत्यंत जरुरी है जनजातीय कार्य विभाग में ही लगभग 22 हजार से अधिक पद खाली हैं। वर्मा ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और पढ़े-लिखे युवा सरकार से लगातार नौकरी मांग रहे हैं।
प्रदेश में सबसे अधिक 30 हजार 496 पद स्कूल शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग में 22 हजार 69 और गृह विभाग में 14 हजार 686 पद खाली पड़े हुए है। लिखित उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि सामान्य प्रशसन विभाग ने रिक्त पदों पर भर्तियां करने के लिए जानकारी मंगाई थी और विभागों ने जानकारी भेज दी है। उन्होंने बताया कि केवल 9 विभाग ऐसे है जहां एक भी पद रिक्त नहीं है। इन विभागों में नर्मदा घाटी विकास, धार्मिक न्यास और धर्मस्व, अनुसूचित जाति कल्याण, नवीन एवं नवकरणीय उर्जा, लोक सेवा प्रबंधन, आनंद, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन, घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु जनजाति विभाग तथा प्रवासी भारतीय विभाग शामिल है। इसके अलावा जिन विभागों में हजारों की संख्या में पद खाली पड़े हुए है उनमें जेल विभाग में एक हजार 459, बित्त में 1 हजार 32, बाणिज्य कर में एक हजार 368, राजस्व में 2 हजार 27, वन में 2 हजार 445, कृषि में 3 हजार 844, स्वास्थ्य विभाग में 8 हजार 522, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में एक हजार 363, पशुपालन एवं डेयरी में 1 हजार 769, उच्च शिक्षा में 5 हजार 851, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार में 2 हजार 93, महिला एवं बाल विकास में 1 हजार 248, आयुष में 2 हजार 805 पद खाली पड़े हुए है। रिक्त पदों पर भर्ती के लिये क्या कार्यवाही की जा रही है, इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि समूह एक, उपसमूह एक के अंतर्गत जिला वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, प्रबंधक, कार्यपालिक पदों की भर्ती के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा 4 और पांच नवंबर को हो चुकी है परीक्षा परिणाम जारी किया जाना है। समूह दो उप समूह एक के अंतर्गत ग्रामीण उद्यान विकास अधिकारी एवं सहायक गुणवत्ता नियंत्रक कार्यपालिक के पदों की भर्ती के लिए संयुक्त भर्ती परीक्षा हो चुकी है। समूह तीन के अंतर्गत उपयंत्री, मानचित्रकार, समयपाल एवं सकमक्ष पदों हेतु संयुक्त भर्ती परीक्षा छह से अठारह नवंबर के बीच हुई है। समूह दो उप समूह दो के अंर्तगत सहायक लेखा अधिकारी, लेखापाल, उप अंकेक्षक एवं समकक्ष पदों की सीधी एवं बैकलाग भर्ती हेतु संयुक्त भर्ती परीक्षता 19 नवंबर को हुई है।