भाजपा विधायक बहादुर सिंह चौहान ने साधा संगठन पर निशाना

भाजपा विधायक बहादुर सिंह चौहान ने साधा संगठन पर निशाना .

चुनाव नजदीक आते-आते पार्टी कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी बढ़ने लगी है। ऐसा ही मामला उज्जैन जिले से सामने आया है। महिदपुर से भाजपा के विधायक बहादुरसिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया है। इससे नाराज होकर उन्होंने पार्टी और संगठन को नुकसान होने की चेतावनी दे डाली है। इसके लिए नाम लिए बगैर उज्जैन के 10-20 लोगों को उन्होंने जिम्मेदार बताया है। उनका कहना है कि दस-बीस लोग महिदपुर विधानसभा के साथ अन्य क्षेत्रों को खतरे मे डाल रहे हैं। उन्होंने महिदपुर में पार्टी के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में चेतावनी भरे लहजे में कहा कि क्षेत्र के नेता और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। इनको प्रदेश संगठन और नेताओं से नहीं मिलवाया जा रहा है। ऐसा ही रहा तो इसका घाटा आलोट, आगर, तराना में भी होगा।

सांसद यादव के बैनर से सिंधिया का फोटो गायब
शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में बैनर चर्चा का विषय बना रहा। 100 फीट ऊंचे तिरंगे के नीचे लगाए गए इस बैनर में केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का फोटो ही गायब कर दिया गया। खास बात यह है कि इस बैनर में गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के लोकसभा सांसद केपी यादव का बड़ा फोटो लगा हुआ था, इसके अतिरिक्त बैनर में क्षेत्रीय विधायक यशोधरा राजे सिंधिया, प्रभारी मंत्री डॉ महेंद्र सिंह सिसोदिया सहित भाजपा जिला अध्यक्ष राजू बाथम तक के फोटो नजर आ रहे थे, लेकिन श्रीमंत का फोटो गायब था।

विधायक जी की पिटाई?
विदिशा जिले के एक भाजपा विधायक की पिटाई का किस्सा इन दिनों लोग चटकारे लेकर सुना रहे हैं। इसमें कहा जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के चलते विधायक जी की उनकी ही भाभी ने पिटाई कर डाली। अधिकांश मुखर रहने वाले यह विधायक जी इसके बाद से पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं। इस बीच उनके अय्यार यह खबर जरुर लगातार पहुंचा रहे हैं कि, जिले में उनको लेकर किस तरह की चर्चाएं आम हैं। इसके बाद से विधायक अपने समर्थकों से यह पता करने में लगे हुए हैं कि आखिर कौन हैं जो उनके बारे में इस तरह की अफवाहें फैला रहे हैं। विधायक जी पढ़े लिखे हैं, सो उनके द्वारा इस मामले में चुप्पी साधना ही बेहतर माना गया है। वे जानते हैं कि इस चुनावी समय में अगर घर के झगड़े ने तूल पकड़ा तो टिकट का लफड़ा पड़ सकता है। यह बात अलग है कि पार्टी सर्वे में विधायक जी की हालात पहले से ही खराब बताई जा रही है।