लोकसभा चुनाव… भाजपा की मातृ शक्ति फिर पड़ेगी भारी ?

भोपाल/मंगल भारत। पूर्व की तरह ही इस बार भी अब तक
भाजपा की घोषित पहली सूची में चार महिलाओं को लोकसभा प्रत्याशी बनाया गया है। इनमें से दो तो पहले ही लोकसभा चुनाव जीतकर अपना लोहा मनवा चुकी हैं और वे एक बार फिर से चुनावी मैदान मे हैं। इसी तरह से इस बार पार्टी ने दो नऐ चेहरों को टिकट दिया है। इनमें से एक प्रत्याशी न केवल पार्टी के तमाम पदों पर रही हैं, बल्कि वे एक बार जनप्रतिनिधि भी चुनी जा चुकी हैं। प्रदेश में जिस तरह का राजनैतिक माहौल है , उसे देखकर लग रहा है कि इस बार इन चारों ही महिला नेताओं का लोकसभा पहुंचना तय है। उधर, इस मामले में कांग्रेस की सूची का इंतजार किया जा रहा है। पिछली लोकसभा में भी चार महिलाएं ही पहुंची थीं और चारों भाजपा से थीं। सत्रहवीं लोकसभा की दो महिला सदस्य इस बार चुनाव नहीं लड़ रही हैं। इनमें एक रीति पाठक विधानसभा की सदस्य बन चुकी है जबकि प्रज्ञा सिंह ठाकुर को भोपाल से टिकट नहीं दिया गया। पिछली लोकसभा की दो महिला सांसद हिमाद्री सिंह (शहडोल) व संध्या राय (भिंड) पुन: चुनाव मैदान में है। उनके अलावा जिन महिलाओं को भाजपा ने टिकट दिया है, उनमें लता वानखेड़े (सागर) व अनीता चौहान (रतलाम) हैं। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में जिन महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था, उनमें मीनाक्षी नटराजन (मंदसौर) को भाजपा के सुधीर गुप्ता ने हराया था तो मोना सुस्तानी (राजगढ़) को रोडमल नागर ने। गुप्ता व चौहान फिर से भाजपा के प्रत्याशी हैं और सुस्तानी भी अब भाजपा में आ चुकी है। कांग्रेस की कविता सिंह को खजुराहो में भाजपा के विष्णुदत्त शर्मा ने परास्त किया था तो शहडोल में प्रमिला सिंह भाजपा की हिमाद्री से हार गई थीं। कांग्रेस की एक अन्य महिला उम्मीदवार किरण अहिरवार को टीकमगढ़ में भाजपा के वीरेन्द्र कुमार ने हराया था, जो केन्द्रीय मंत्री हैं। 2019 के चुनाव में भाजपा ने चार महिलाओं को मैदान में उतारा था जबकि, 2014 में भाजपा ने पांच महिलाओं को टिकट दिया था। 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में 37 महिला प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया था। इनमें से पांच को सफलता भी मिली थी। इन सभी ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
कांग्रेस से तीन महिलाओं की चर्चा
भाजपा की सूची के बाद कांग्रेस से कौन प्रत्याशी होगा, यह अभी तय नहीं है। संभावना है कि दस मार्च के बाद पार्टी की सूची जारी होगी। पार्टी की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन के अलावा जिन दो अन्य महिलाओं के नाम प्रत्याशियों के रपु में चर्चा में बने हुए हैं उनमें पूर्व विधायक हिना कांवरे और निशा बांगरे का नाम चर्चा में है।