अब शिवराज ने शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा

अब शिवराज ने शुरू की जन आशीर्वाद यात्रा.

पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बीते रोज से अपने विदिशा संसदीय क्षेत्र में जन आशीर्वाद यात्रा प्रारंभ कर दी है। यह यात्रा सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। शिवराज यात्रा के साथ आमजन के बीच पहुंचेंगे और जनता से आशीर्वाद मांगेगे। उन्होंने बीते रोज विदिशा में बाढ़ वाले गणेश मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जनआशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया। चौहान ने विदिशा के ग्राम खिरिया से जन आशीर्वाद यात्रा शुरु की है। यह यात्रा विदिशा लोकसभा क्षेत्र के 60 से ज्यादा गांवों से गुजरेगी। पहले दिन उन्होंने खिरिया, सोंठिया, ग्राम मुरवारा, गेहूंखेड़ी, गुरारिया, ग्राम पठारी, धनौरा, बेरखेड़ी, नहरयाई, बरखेड़ा, गाजीखेड़ी, अहमदपुर, परसूखेड़ी आदि में रोड शो भी किया।

कांग्रेस विधायक ने क्षिप्रा के गंदे पानी में नहाकर जताया विरोध
उज्जैन की शिप्रा नदी में नालों का गंदा पानी लगातार गिर रहा है। तराना से कांग्रेस विधायक महेश परमार ने शिप्रा नदी में मिल रहे गंदे पानी के बीच डुबकी लगाकर और आचमन कर विरोध दर्ज कराया। परमार उज्जैन से कांग्रेस प्रत्याशी भी हैं। विधायक ने कहा कि 500 करोड़ खर्च करने के बाद भी ये स्थिति है फिर से 600 करोड़ का नया बजट आया है। भाजपा के सांसद पिछले 5 साल में यहां एक बार भी नहीं आए हैं। धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग कहां हैं? 40 लाख इंदौर वासियों का मल मूत्र रोज इसमें मिलता है। यह सांसद अनिल फिरोजिया का विकास दिख रहा है। वे बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, 5 लाख वोट से जीत का दावा करते हैं , लेकिन इस बार भगवान महाकाल और मां शिप्रा उन्हें शिप्रा से पार कर देंगे।

सांसद प्रज्ञा के खिलाफ ग्रामीणों ने की नारेबाजी और पुलिस से शिकायत
भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह के खिलाफ बीते दिन ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की है। मामला नयापुरा में आश्रम की जमीन का है। बताया जा रहा है, प्रज्ञा सिंह ने नेवरी के पास नयापुरा में आश्रम बनाने के लिए जमीन ली है। वे सोमवार को रात करीब 9 बजे कुछ लोगों के साथ जमीन पर कब्जा लेने के लिए पहुंचीं। गांव वालों के अनुसार उनके साथ एक जेसीबी मशीन भी थी। साध्वी ने मौके पर खड़े रहकर जमीन पर कब्जा लिया और इसके लिए गांव के पुराने श्मशान घाट की बाउंड्रीवॉल तोड़वा दी। मामले के बाद इस पर ग्रामीण नाराज हो गए और उन्होंने उनके खिलाफ नारेबाजी करने के बाद गांव के लोगों ने पुलिस से भी मामले की लिखित शिकायत की है। उधर, इस मामले में साध्वी ने गृहमंत्री अमित शाह और सीएम मोहन यादव से भूमाफियाओं पर लगाम लगाने की गुहार लगाई है।

पचौरी पर मजबूत नेताओं के टिकट कटवाने के आरोप
मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के निशाने पर अब कांग्रेस छोडक़र भाजपा में जा चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी आ गए हैं। उन्होंने पचौरी पर बड़ा आरोप लगाया है। यादव ने कहा कि सुरेश पचौरी कहते थे इसे टिकट मत देना। इसे देना, इसे नहीं देना। उनका नाम टिकट कटाऊ नेताजी हो गया था। कोई भी अच्छा हो, मजबूत लीडर हो, उसको टिकट नहीं मिलना चाहिए, यह उनका क्राइटेरिया होता था। हमने मध्य प्रदेश में राहुल गांधी जी का आशीर्वाद लेकर टिकट कटाऊ नेताओं की एक नहीं सुनी। जब नगरीय निकाय का चुनाव हुआ, तब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सारे नौजवानों को टिकट देने का काम किया। एक चुनावी सभा में यादव ने कहा कि मुझे याद है जब मैं 2013 में अध्यक्ष बना तो मुझे होशंगाबाद आने में बड़ा डर लगता था। यहां के नेताओं को थोड़ा-बहुत पता होगा। डर क्यों लगता था? यह आप समझ जाइए। डर इसलिए लगता था, क्योंकि यहां पर एक ऐसे नेता हमारे हुए।