लाड़ली बहनें फिजूलखर्ची से बचें, पैसा बच्चों को पढ़ाने में खर्च करें: सीएम

लाड़ली बहनें फिजूलखर्ची से बचें, पैसा बच्चों को पढ़ाने में खर्च करें: सीएम.

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश की लाडली बहनों से अपील की है कि वे फिजूलखर्ची से बचें और अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा कर काबिल बनाने पर पैसा खर्च करें। दहेज और मृत्युभोज से बचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने मंडला के टिकरवारा में आयोजित लाड़ली बहनों के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में सिंगल क्लिक से 1552.38 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। इसके साथ ही 56.68 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को 340 करोड़ की राशि भी ट्रांसफर की। इसके अलावा 25 लाख बहनों को सिलेंडर रिफिलिंग के लिए 57 करोड़ रुपए अलग से ट्रांसफर किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा हर विकासखंड के एक गांव को सरकार वृंदावन ग्राम के रूप में विकसित करेगी। सीएम ने मंडला में 232 करोड़ रुपए की लागत वाले 66 विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण और भूमि-पूजन एक साथ किया। इस दौरान सीएम ने मंच से ही भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयनित शुचि उपाध्याय का मंच से अभिनंदन किया।

कांग्रेस ने निजी हित साधने संविधान में मनमाने संशोधन किए हैं: वाजपेई
भाजपा 25 अप्रैल तक प्रदेश के हर जिले में बाबां साहब भीमराव आंबेडकर के जीवन पर वैचारिक गोष्ठियां आयोजित करेगी। हर जिले में एक बड़ा कार्यक्रम होगा, इसके अलावा अलग-अलग नगरीय क्षेत्रों और विकासखंडों में कार्यक्रम होंगे। इसी की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश स्तरीय वक्ता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें उन विषयों पर चर्चा की, जो भीमराव आंबेडकर के राजनीतिक जीवन से जुड़े हैं। इस अभियान के प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई ने कहा कि कांग्रेस ने अपने निजी हित साधने के लिए संविधान में मनमाने संशोधन किए हैं। अपनी सत्ता बचाने के लिए इमरजेंसी लगाई। दिल्ली से आए भाजपा नेता दुष्यंत गौतम ने राष्ट्र निर्माण में बाबा साहब के योगदानों से जुड़े मुद्दों के बारे में बताया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया।

भूमि अधिग्रहण को लेकर किसान मुख्यमंत्री से मिले
विधानसभा में पारित अधिग्रहण संशोधन व्यवस्था को लेकर प्रदेश के किसान चिंतित हैं। इसके लिये किसान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मिले और अपना पक्ष रखा। इन किसानों का प्रतिनिधित्व भारतीय किसान संघ ने किया। जिसमें तीनों प्रांतों के पदाधिकारियों के साथ अखिल भारतीय पदाधिकारी भी शामिल थे। प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत गौर ने बताया कि प्रतिनिधि मंडल ने किसानों की समस्याओं व मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा विधानसभा में पारित भू अधिग्रहण संशोधन ड्राफ्ट के विषय पर किसानों की शंकाओं व उनके पक्ष को मजबूती के साथ रखा। किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि – सरकार को कृषि व किसान के लिए नीतिगत निर्णय करते समय किसान को विश्वास में लेना चाहिए। किसान व किसानों के से भी सलाह लेकर उससे से प्रभावित होने वाले पहलुओं पर चर्चा करना चाहिए।

हाथ में जनेऊ लेकर बोले दिग्विजय- मुझसे बड़ा सनातनी कोई नहीं है
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि एक देश एक चुनाव के नाम पर भाजपा देश को गुमराह कर संघीय ढांचे की एकता को खतरा पैदा कर रही है। भाजपा द्वारा हिंदू विरोधी और देश विरोधी जैसे आरोपों पर बात करते हुए सिंह ने हाथ में जनेऊ लेकर कहा उनकी पार्टी में मुझसे ज्यादा संस्कारित सनातन धर्म का पालन करने वाला कोई हो तो बताएं। मैं आस्था के नाम पर सनातन धर्म का व्यापार या राजनीति नहीं करता। शाजापुर में आयोजित सद्भावना सम्मेलन में हिस्सा लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने कहा कि धर्म के मार्ग पर सद्भावना और आपसी प्रेम-भाव से आगे बढ़ें। समाज में बैर पैदा करने वाले तत्वों से सावधान रहें। इन लोगों के चेहरे पहचानो। जो भडक़ाने वाली बात करें, उनके हाथ जोड़ लो।