गिरवी रख देना, लोन ले लेना पर जमीन नहीं बेचना : मुख्यमंत्री की सलाह.
मंदसौर जिले के सीतामऊ में किसान सम्मेलन और एग्री-हॉर्टी एक्सपो में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसानों को सलाह देते हुए कहा है कि घर में कितनी भी परेशानी आए अपनी जमीन नहीं बेचना, चाहे घर गिरवी रख देना, लोन ले लेना, लेकिन जमीन को बचा कर रखना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मप्र आर्थिक रूप से सम्पन्न हो रहा है। नीति आयोग के अनुसार मप्र, देश में सबसे तेज गति से प्रगति करने वाला राज्य है। आने वाले समय में प्रगति की गति और तेज होने वाली है। राज्य सरकार कृषकों को बिजली में आत्मनिर्भर बनाने जा रही है। अब किसान सौर ऊर्जा से स्वयं बिजली बनाएंगे और पम्प चलाएंगे। उनके द्वारा अपनी आवश्यकता से अधिक बिजली पैदा करने पर राज्य सरकार किसानों से बिजली खरीदेगी और उसका भुगतान भी करेगी। किसानों को मात्र 10 प्रतिशत राशि पर सौर पम्प उपलब्ध कराए जाएंगे। पांच, तीन, दो हार्स पॉवर तक के सौर पम्प के लिए मात्र 10 प्रतिशत राशि जमा कराने पर शेष राशि राज्य सरकार द्वारा किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना से किसानों को बिजली के बिल से मुक्ति मिलेगी। तीन साल में 32 लाख सोलर पम्प उपलब्ध कराए जाएंगे।
भ्रष्टाचार के आरोप में आखिर सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष हटाये गए
सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष शफीक खान को पद से हटा दिया गया है। नगरीय प्रशासन विभाग के अपर सचिव शिवराज सिंह वर्मा ने यह आदेश जारी किया। खान पर सामग्री खरीदी और बिलों के भुगतान में भ्रष्टाचार के आरोप थे। जांच में पता चला कि 8 जून 2023 से 8 मार्च 2024 के बीच मात्र 9 महीने में 19,222 किलो फिनोलिक पाउडर खरीदा गया। इस खरीद का कोई औचित्य अभिलेखों में नहीं मिला। दो दिन पहले कांग्रेस पार्षद और पूर्व – राजस्व सभापति सुहेल पाशा ने भूमि लीज नवीनीकरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। भाजपा पार्षदों ने भी इस मामले में जांच की मांग की थी। आदेश में कहा गया है कि खान ने मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के तहत अपने कर्तव्यों का पालन नहीं किया। निकाय में निविदा प्रक्रिया, खरीदी और डीजल खपत में गड़बडिय़ां पाई गईं। मप्र नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 4 – क के तहत खान को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया गया है।
धान की दो नई किस्मों से बढ़ेगी 30 प्रतिशत बढ़ेगी पैदावार : शिवराज
विदिशा दश में धान की दो ऐसी किस्में तैयार हुई हैं जिनकी फसल अन्य किस्मों की तुलना में 20 दिन पहले ही तैयार हो जाएगी। पैदावार भी 30 प्रतिशत अधिक होगी। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। ग्यारसपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित करने हेतु आयोजित कार्यक्रम में मंत्री चौहान ने कहा कि विज्ञानी प्रयोगशालाओं में प्रयोग तो करते हैं, लेकिन खेतों तक नहीं पहुंचते। इसी कारण खेती में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते। अब निर्णय लिया गया है कि कृषि विज्ञानी खेतों में जाकर किसानों को उन्नत खेती की जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि 29 मई से कृषि विज्ञानियों की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर किसानों को प्रशिक्षण देंगी। प्रत्येक जिले में चार-चार विज्ञानियों की टीम गठित की जाएगी, जो प्रतिदिन दो से तीन स्थानों पर किसानों को एकत्र कर प्रशिक्षण देंगीं। इन टीमों के साथ स्थानीय कृषि विभाग का अमला भी मौजूद रहेगा।
उमा भारती बोलीं लव जिहाद पर जागरूकता जरूरी
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अपने जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर अपनी राय दी। उन्होंने लव जिहाद को लेकर कहा कि आज की आधुनिक दुनिया में कोई भी लडक़ी यह जानने में सक्षम है कि सामने वाला व्यक्ति कौन है और उसकी पहचान क्या है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां कानून का दायरा बनता है, वहां कार्रवाई होगी, लेकिन समाज को भी अपने स्तर पर सजग रहने की जरूरत है। उमा ने कहा कि माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों से खुलकर संवाद करें और उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन दें। इसके साथ ही, उमा भारती ने जातिगत जनगणना को लेकर कहा कि देश में अनेक सामाजिक वर्ग हैं जिनकी भूमिका और संख्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा क्योंकि वहां की सामाजिक संरचना को गंभीरता से नहीं लिया गया।