छेड़ोगे तो मोदी 7 जन्म तक नहीं छोड़ेंगे, ये बात पक्की है: मुख्यमंत्री

छेड़ोगे तो मोदी 7 जन्म तक नहीं छोड़ेंगे, ये बात पक्की है : मुख्यमंत्री.

जनजातीय कार्य विभाग द्वारा शुक्रवार को भोपाल में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आतंकी मसूद के खानदान को मिट्टी में मिलाने का काम प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व में सरकार ने किया। भारत की पहचान शांति के मार्ग में चलने की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम किसी को छेड़ते भी नहीं हैं, लेकिन यह बदलते दौर का भारत है। अगर भारत को कोई छेड़ेगा तो प्रधानमंत्री सात जन्म तक नहीं छोड़ेंगे। सीएम ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, पाक हथियारों के नाम पर नकली हथियार लेकर हमारी देखा देखी चला रहे हैं। कहां से नकली हथियार उठा लाया हैं। चलाते कहीं है चलते कहीं और हैं। उनका पार्लियामेंट का मेंबर संसद में रो रहा है। दुनिया में सबसे बड़ा कोई लोकतंत्र हैं तो हमारे भारत का लोकतंत्र है जो हमें शक्ति देता है।

सिंघार बोले- प्रदेश में चल रही माफिया मित्र सरकार
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एक बार फिर प्रदेश में रेत माफिया को लेकर सरकार पर हमला बोला है। सिंघार ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा मध्यप्रदेश में कानून नहीं, अब माफिया मित्र सरकार चल रही है। नरसिंहपुर में रेत माफिया इतने बेखौफ हो चुके हैं कि बुजुर्गों को प्रताडि़त कर रहे हैं और सरकार मौन तमाशबीन बनी है। डा. मोहन यादव और प्रहलाद पटेल गहरी नींद में हैं या जानबूझकर आंख मूंद कर बैठे हैं। सिंघार ने आगे लिखा प्रदेश में बीजेपी की सरकार में माफियाओं को खुली छूट, आम जनता की कोई सुनवाई नहीं। मुख्यमंत्री जी बताए क्या जनता को माफियाओं के रहमोकरम पर छोड़ देना ही डबल इंजन सरकार की उपलब्धि है। क्या बुजुर्गों की चींख राजधानी तक नहीं पहुंचती। आखिर कब तक प्रदेश की भाजपा सरकार माफिया को संरक्षण देती रहेगी। नेता प्रतिपक्ष ने एक वीडियो भी जारी किया है। जिसमें एक बुजुर्ग नर्मदा में रेत के अवैध उत्खनन का आरोप लगा रहा है। यह आरोप एक मंत्री के भाई पर लगाया जा रहा है।

जैन धर्म में भी राष्ट्र धर्म सबसे ऊपर, धर्म सभा में बोले मुनिश्री प्रमाण सागर
अवधपुरी स्थित एक शैक्षणिक संस्थान में मुनिश्री प्रमाण सागर महाराज ने धर्म सभा में कहा कि आत्मधर्म और राष्ट्रधर्म दो अलग-अलग संकल्पनाएं हैं। जैन धर्म में राष्ट्रधर्म को आत्मधर्म से ऊपर स्थान दिया गया है। उन्होंने हाल ही में राष्ट्र पर आए संकट, जैसे कि पहलगाम में घटी अमानवीय घटना को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता पर एक चुनौती बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार द्वारा आतंक के खिलाफ की गई कार्रवाई देश के प्रति कर्तव्य थी। मुनि श्री ने कहा, हमारी संस्कृति आक्रमण की नहीं, बल्कि आत्मरक्षा की है। भारत के मूल शासकों ने कभी किसी पर आक्रमण नहीं किया। उन्होंने आक्रांताओं को समय- समय पर सबक सिखाया है।

सभी धर्म-दल एकजुट हुए, इस घटना से नया हिन्दुस्तान खड़ा होगा: इंद्रेश
देश में पहली बार ऐसा हो रहा है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक मुसलमानों में भी पाकिस्तान के खिलाफ एक लहर उठी है। 40-50 वर्ष में प्राय: ऐसा नहीं हुआ। मुसलमान और अन्य सभी धर्मों दलों के लोग एकजुट हिन्दुस्तान बनकर खड़े हैं। यह एकता और समझदारी आने वाले कल में पाकिस्तान की समस्या का पूरा समाधान करेगी। इससे नया और शक्तिशाली, एकजुट हिन्दुस्तान खड़ा होगा। यह बात राष्ट्रीय स्वयं सेवकसंघ के अ.भा. कार्यकारिणी सदस्य और सिंधु दर्शन यात्रा समिति के राष्ट्रीय संरक्षक इंद्रेश कुमार ने शुक्रवार को कही। वे सिंधु दर्शन यात्रा को लेकर बैठक में शामिल होने आए थे। यह भी कहा कि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो उसे इसकी कीमत पांच हिस्सों में बंटने के रूप में चुकानी पड़ेगी। बताया कि इस वर्ष भी जून में लेह लद्दाख में सिंधु दर्शन यात्रा होगी।