रामपुर नैकिन/सीधी:क्षेत्र में निर्माणाधीन रीवा–सागर 400 केवीए

ट्रांसमिशन लाइन परियोजना तेजी से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। इस महत्वपूर्ण विद्युत परियोजना का कार्य Mahan Transmission Ltd कंपनी द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें परियोजना प्रबंधक रोहित कुमार ठाकुर के नेतृत्व में कार्य निरंतर प्रगति पर है।
परियोजना की एक विशेष बात यह भी सामने आई है कि इसमें स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूरों को प्राथमिकता के साथ रोजगार दिया जा रहा है। इससे गांव के लोगों को अपने ही क्षेत्र में काम मिल रहा है, जिससे उनके बीच खुशी और संतोष का माहौल देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के कार्यों से न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत होती है, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी उनकी सीधी भागीदारी सुनिश्चित होती है।
परियोजना प्रबंधक रोहित कुमार ठाकुर से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि Mahan Transmission Ltd कंपनी द्वारा इस कार्य को तय समयसीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द से जल्द इस परियोजना को पूरा कर क्षेत्र को बेहतर और सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग इस कार्य में बेहद महत्वपूर्ण है और उनके सहयोग से ही कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ रहा है।
यह परियोजना न केवल बिजली आपूर्ति को मजबूत करेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने और समग्र विकास को गति देने में भी अहम भूमिका निभाएगी। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी और कंपनी के प्रयास इस कार्य को एक सकारात्मक दिशा दे रहे हैं।