मंगल भारत:रामपुर नैकिन:रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में मारपीट की

घटना अब मौत में बदल गई है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया है। इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
रीवा मे इलाज के दौरान युवक की मौत
वार्ड क्रमांक 6, रायखोर निवासी लखपति साकेत (पिता नंदलाल साकेत), जो 20 अप्रैल को हुई बेरहमी से मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए थे, ने आज सुबह लगभग 7 बजे दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ गुस्से की लहर दौड़ गई है
लेन-देन के विवाद में हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को गांव के ही प्रदीप साकेत, हीरालाल साकेत, वीरानलाल साकेत सहित अन्य लोगों ने आपसी लेन-देन के विवाद को लेकर लखपति साकेत पर हमला कर दिया था मारपीट इतनी गंभीर थी कि उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था
मौत के बाद थाने का घेराव
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण रामपुर नैकिन थाने पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
परिजनों का कहना है कि घटना 20 अप्रैल की है, इसके बावजूद अभी तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उनका आरोप है कि पुलिस केवल खानापूर्ति कर रही है—एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि बाकी खुलेआम घूम रहे हैं।
नगर निरीक्षक से नहीं हो पा रहा है संपर्क
इस मामले में जब नगर निरीक्षक सुधांशु तिवारी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार भीड़ हुई शांत
हालांकि, विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बाद में टीआई सुधांशु तिवारी ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रित हुई और भीड़ को शांत कराया गया।
अब बड़ा सवाल: जब घटना को कई दिन बीत चुके हैं, तो आखिर बाकी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों हैं
क्या होगी कार्रवाई?: अब इस मामले में हत्या की धाराएं जुड़ने के बाद पुलिस पर जल्द और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।